नईबाजार। नगर के वार्ड नंबर 10 अंबेडकर नगर में सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत 28 लाख 22 हजार रुपये की लागत से 198 मीटर लंबी आरसीसी सड़क और यू-टाइप अंडरग्राउंड नाला के साथ स्लैब निर्माण का कार्य कराया जाएगा। कार्ययोजना पर स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू भी करा दिया गया है। नगर के वार्ड नंबर 10 अंबेडकर नगर में बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या थी। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से आसपास के घरों और गलियों में भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बीते दिनों बोर्ड की बैठक में भी इस समस्या को लेकर चर्चा की गई थी। जिसके बाद आरसीसी रोड, नाली व स्लैब निर्माण की कार्ययोजना बनाई गई। जिस पर स्वीकृति मिलने के बाद अब काम भी शुरू करा दिया है।
चेयरमैन निर्मला लालता सोनकर ने बताया कि वार्ड नंबर 10 की इस महत्वपूर्ण समस्या को प्राथमिकता में रखते हुए कार्यदायी संस्था को जल्द ही निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। नगर पंचायत का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क, जल निकासी और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।