ज्ञानपुर। चार माह से सूखे पड़े डीघ राजवाहा में पानी छोड़ने की मांग को लेकर मंगलवार को किसानों ने अरई में प्रदर्शन किया। किसानों ने नहर विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि पानी नहीं होने से सिंचाई नहीं हुई जिससे कोनिया क्षेत्र में पांच सौ एकड़ गेहूं की फसल सूख गई। वक्ताओं ने कहा कि मुख्य पंप कैनाल से जुड़ा उक्त राजवाहा कोइरौना, बनकट, डीघ खेमापुर, कटरा, दुगुना, सोनपुर, अरई, उपरवार, चकिया, कूड़ीकला, बहपुरा, कूड़ीखुर्द, भदरांव, धनतुलसी आदि गांवों को जोड़ता है। इसी से रबी और खरीफ के सीजन में किसान फसलों की सिंचाई करते हैं। प्रति वर्ष विभाग टेल तक पानी पहुंचाने के नाम पर लाखों खर्च करता है, लेकिन कभी अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचा। हमेशा राजवाहा सूखा रह जाता है। गेहूं फसल की पहली सिंचाई के समय यह हाल है तो तैयारी तक होने वाली चार बार की सिंचाई कैसे होगी इसे लेकर किसान चिंता में है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर विभाग राजवाहा और माइनरों में पानी छोड़ दे तो बर्बादी से निजात मिले। प्रदर्शन करने वालों में यशवंत यादव, लालू यादव, मानिकलाल, जयप्रकाश, झगड़ू पासी, पन्नालाल पासी, शिवशंकर, पुनीत पाठक, रविशंकर तिवारी, अनुराग शर्मा, राजेंद्र प्रसाद, रामशिरोमणि आदि शामिल रहे। उधर, एक्सईएन नहर वीबी सिंह ने कहा कि मुख्य नहर समेत राजवाहा, माइनर का सफाई कार्य अंतिम चरण है। 26 दिसंबर से इनमें पानी छोड़ दिया जाएगा।