भदोही। रजपूरा स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान में रविवार की शाम रोटरी क्लब भदोही की आम सभा हुई। जिसमें सेवा और विकास कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा कि रोटरी क्लब का मूल मंत्र स्वयं से ऊपर उठकर सेवा करने का है। हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाना उनका लक्ष्य है। ताकि जनपद को आदर्श जिला बनाया जा सके।
अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में इस जनपद के प्रत्येक निवासी को इस कार्य में आगे आने के लिए संकल्प लेना होगा। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को संकल्प दिलाया। सचिव प्रवीण मौर्य ने क्लब की भावी सेवा योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि निःशुल्क चिकित्सा शिविर, गांवों और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों में मेडिकल कैंप में दवा वितरण के साथ शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत मेधावियों और वंचित वर्ग के बच्चों को पाठ्य सामग्री व छात्रवृत्ति भी प्रदान किए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि हरित भदोही के लिए हम बड़ा काम करेंगे। इसके तहत सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने जिले के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का सामूहिक संकल्प लिया। कोषाध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने क्लब के वित्तीय नियोजन पर प्रकाश डाला। आश्वस्त किया कि हर परियोजना पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएगी।