घोसिया। विश्व दलहन दिवस पर बृहस्पतिवार को कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां में गोष्ठी कर किसानों को मिश्रित दाल के उत्पादन, सेवन की जानकारी विशेषज्ञों ने दी। गोष्ठी का शुभारंभ कर केंद्र अध्यक्ष विश्वेंदु द्विवेदी ने बताया कि भोजन में मिश्रित दाल का प्रयोग करने से पौष्टिकता मिलती है। सहफसली खेती करने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। प्रसार विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने खरीफ, रबी एवं जायद की दलहनी फसल को अधिक उत्पादन देने वाला बताया। डॉ.मनोज कुमार पांडेय ने दलहन फसल में रोग-कीट प्रबंधन, डॉ. गोविंद कुमार चौधरी ने दलहन के प्रयोग से बच्चे, प्रौढ़, पशुओं के विकास, स्वास्थ्य, मृदा शक्ति पर अहम जानकारी दी। इस मौके पर धनंजय प्रसाद सिंह, प्रमोद पासवान समेत विभिन्न गांवों से प्रगतिशील महिला-पुरुष किसान उपस्थित रहे।