UP News: सरकारी दफ्तरों में जींस, टी-शर्ट वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की ‘नो इंट्री’, भदोही के डीएम ने जारी किया निर्देश
भदोही के जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सभी विभागाध्यक्षों को पत्र भेजकर कहा है कि दफ्तर में फार्मल ड्रेस पहनकर ही आएं। जींस, टी-शर्ट पहनकर दफ्तर न आएं।
विस्तार
सरकारी दफ्तरों में जींस, टी-शर्ट पहनकर दफ्तर पहुंचने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के दिन अब लदने वाले हैं। भदोही के जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सभी विभागाध्यक्षों को पत्र भेजकर कहा है कि दफ्तर में फार्मल ड्रेस पहनकर ही आएं। जींस, टी-शर्ट पहनकर दफ्तर न आएं। साथ ही समय से कार्यालय पहुंचकर जनता की फरियाद सुनें। उनका निस्तारण गुणवत्तायुक्त तरीके से करें।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को भेजे पत्र में कहा है कि शासन का स्पष्ट निर्देश है कि समय से अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय पहुंचे। साथ ही निर्धारित समय तक जरूर रहें। इस बारे में बीच-बीच में बैठक करके, विज्ञप्ति जारी करके अवगत भी कराया जाता है।
इसके बावजूद अलग-अलग समय पर कराई जाने वाली जांच में कुछ अधिकारी, कर्मचारी विलंब से पहुंचते हैं। यह कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्ध है। कहा कि सभी अधिकारी तो समय से पहुंचे हीं अपने कार्यालय के स्टाफ को भी तय करें कि वे समय से कार्यालय पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने जींस पैंट, टी-शर्ट पहनकर कार्यालय पहुंचने वालों पर भी नाराजगी जाहिर की है।
जींस और टी-शर्ट के साथ ही चप्पल पहनने पर भी पाबंदी
कहा कि अधिकारी हो या कर्मचारी फॉर्मल ड्रेस पहनकर ही कार्यालय पहुंचें। उन्होंने आदेश को कड़ाई से पालन कराने के लिए कहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार राज्य के सभी विभागों के कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित है। जिसके तहत जींस पैंट और टीशर्ट के साथ ही चप्पल पहनने पर पाबंदी है।