मोढ़। सेवा सदन इंटर कॉलेज के मैदान पर बृहस्पतिवार को मोढ़ टी-20 चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। पहले दिन मुंबई ने ज्ञानपुर और मिर्जापुर ने भदोही को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। जीत के लिए खिलाड़ियों ने ठंड में पसीना बहाया। मैच देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ी रही।
पहले मैच में टॉस जीतकर मुंबई की टीम ने ज्ञानपुर को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। 15वें ओवर के मैच में नौ विकेट खोकर ज्ञानपुर की टीम सिर्फ 86 रन बना सकी। इसमें मुंबई के गेंदबाज आमिर सोहेल ने चार और धीरज यादव ने दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने अंशू सिंह के 33 रन और विवेक राय के 20 रनों की बदौलत सात विकेट के नुकसान पर 13.4 ओवर के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर लिया। आमिर सोहेल को उनके बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। दूसरे मुकाबले में मिर्जापुर की टीम ने भदोही को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर मोढ़ चौकी इंचार्ज बलिराम सिंह, अशोक मिश्रा, राजू दूबे, धीरज सिंह, अशोक सिंह, प्रदीप दूबे, गोपाल बिंद, धर्मराज पाल, रत्नेश तिवारी, सुजीत सिंह, श्याम बिहारी यादव, प्रेम यादव, जितेंद्र बिंद, राकेश मौर्या, डीके यादव, ऋषि सिंह, प्रभात सिंह आदि रहे।