ज्ञानपुर। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर सोमवार को विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और सभी ब्लॉकों से तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने देशप्रेम से ओतप्रोत नारे लगाए। इससे ज्ञानपुर नगर तिरंगामय हो गया।
पुलिस लाइन गेट से शुरू हुई तिरंगा मोटरसाइकिल रैली को मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने रवाना किया, जबकि विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज से एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। रैली में जीआईसी, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, एनसीसी कैडेट्स, रोवर्स-रेंजर्स लेकर कंपोजिट विद्यालय ज्ञानपुर के साथ कई परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। डीएम शैलेष कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे 13 से 15 अगस्त के मध्य अपने-अपने घरों, दुकानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर इस महाअभियान का हिस्सा बनें और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाएं। इसी तरह औराई, ज्ञानपुर, अभोली, सुरियावां, भदोही ब्लॉक से तिरंगा बाइक रैली निकली। इस मौके पर डीआईओएस अंशुमान, बीएसए विकास चौधरी, सीएमओ डॉ. संतोष चक, ईओ धर्मराज सिंह, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास अधिकारी दिनेश कुमार त्रिपाठी आदि रहे।