ज्ञानपुर। सूबे के पशुधन एवं मत्स्य राज्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जय प्रकाश निषाद ने कहा कि अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए हर जिले में एक मेडिकल खोला जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों में मात्र सात मेडिकल कॉलेज ही बने। अब तीन साल में आठ मेडिकल कॉलेज बन गए, जबकि 15 निर्माणाधीन हैं। 2022 तक हर जिले में मेडिकल कॉलेज बन जाएगा और चिकित्सकों की कमी दूर हो जाएगी।
वह बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सरकार के तीन साल पूरे होने पर पत्रकारों से रूबरू हुए। सुशासन के तीन साल पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में सभी को शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास से सभी को पक्की छत, रसोई के धुएं से मुक्ति के लिए उज्ज्वला योजना का लाभ दिया गया। प्रदेश सरकार ने तीन साल में विकास के नए आयाम स्थापित किए। केंद्र और प्रदेश सरकार के आपसी समन्वय से समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। नि:शुल्क पढ़ाई, दवाई की व्यवस्था को बेहतर किया गया। छुट्टा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए 21 अस्थायी, जबकि दो स्थायी गोशालाएं खोली गईं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, पशुपालन, शिक्षा, कृषि समाज कल्याण, खाद्य एवं रसद समेत अन्य विभागों की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया गया। 2008 से निर्माणाधीन 100 शैया अस्पताल पूर्ण न होने के सवाल पर कहा कि उन्हें पांच माह से जिम्मेदारी मिली है। 2022 से पूर्व अस्पताल को चालू करा दिया जाएगा। इस मौके पर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, एसपी रामबदन सिंह, एसडीएम ज्ञान प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।