Bhadohi News: दुकान में घुसकर युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला, हत्यारा अरेस्ट; भदोही के इस गांव में फोर्स तैनात
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में युवक की कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। आरोपी को विक्षिप्त बताया जा रहा है। वह मौके से भाग रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को अपने साथ लेते गई।
विस्तार
Crime in Bhadohi: भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र के इनारगांव में बुधवार की शाम कुल्हाड़ी से हमला कर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। हमला करने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। हमला करने के बाद वह हथियार लहराते हुए चला गया। मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं हमलवार को हिरासत में ले लिया।
इनारगांव निवासी गुलाम अली अपनी तेल की चक्की में तेल की पैराई कर रहा था। इसी बीच, गांव का ही एक युवक नंदी विश्वकर्मा उसकी दुकान पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि हाथ में कुल्हाड़ी लिए नंदी ने कुल्हाड़ी से गुलाम अली के गले पर वार कर दिया। वार से गुलाम लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद हमलवार कुल्हाड़ी लहराते हुए फरार हो गया। गुलाम अली को मौके पर मौजूद लोगों ने लहुलूहान हाल में अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में सनसनी मच गई।
एएसपी शुभम अग्रवाल, सीओ चमन सिंह चावड़ा समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। गांव के लोगों के अनुसार, हमला करने वाला नंदी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसका इलाज भी चल रहा है। उसने किस बात से नाराज होकर गुलाम पर हमला किया। यह अब तक पता नहीं चल सका है।
मृतक गुलाम अली के पिता मुनौवर अली की दो वर्ष पहले ही मौत हो गई है। गुलाम अली का भाई शेर अली दुबई रहता हैं, लेकिन कुछ माह से गांव आया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हमलावार को हिरासत में ले लिया गया है। हमला करने वाला मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था के अनुपालन के लिए गोपीगंज, ऊंज और कोईरौना थाने की पुलिस को लगाया गया है।