भदोही। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव का रविवार को भदोही आगमन हुआ। वे नगर के काजीपुर मोहल्ला स्थित हिंद मजदूर किसान पंचायत (हिमकिप) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मो.हसनैन अंसारी के आवास पर पहुंचे और उनके भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था बद से बदतर हो गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार के जीरो टॉलरेंस के दावों की कलई खुल गई है। कानून व्यवस्था लगातार गिरती जा रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। बलात्कार और हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं। सरकार इन पर अंकुश लगाने में असफल हो चुकी है। शिक्षा नीति पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। बोले सरकार 27 हजार से अधिक परिषदीय विद्यालय बंद किए जा रहे हैं। बहाना है कि इन स्कूलों में 50 से कम छात्र हैं। अगर ऐसा है तो सरकार को वहां बच्चे बढ़ाने पर काम करना चाहिए ना कि विद्यालय बंद करना चाहिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होगी। बच्चे 5 किलोमीटर से दूर स्कूल नहीं जा पाएंगे। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा को निजी क्षेत्र में स्थानांतरित कर महंगी बनाना चाहती है। इससे गांव गरीब, मजदूर और किसान के बच्चे शिक्षा से वंचित हो जाएंगे। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया। इस मौके पर सपा के जिला प्रवक्ता अलीशेर खां, बदरे आलम, सरफराज अहमद, मजहर अंसारी, रेहान नवाज व अफरोज अंसारी आदि मौजूद रहें।