Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bhadohi News ›   KNU must meet NAAC standards; improve academic quality and facilities: Anandiben

नैक मानकों पर खरा उतरे केएनयू, शैक्षणिक गुणवत्ता और सुविधाएं सुधारें : आनंदीबेन

Tue, 03 Nov 2026 01:11 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Tue, 03 Nov 2026 01:11 AM IST
विज्ञापन
KNU must meet NAAC standards; improve academic quality and facilities: Anandiben
केएनयू में मां के नाम पौधरोपण करतीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल। स्रोत सूचना विभाग - फोटो : Archive
ज्ञानपुर। काशी नरेश विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं सूबे की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार को जिले में पहुंचीं। उन्होंने विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कुलपति प्रो. उमा श्रीवास्तव और 21 विभागाध्यक्षों के साथ बैठक किया। उसके बाद विद्यार्थियों से संवाद करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, एआई के सदुपयोग और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
विज्ञापन

उन्होंने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने पर बल देते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत विकास, स्वच्छता एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने समर्थ पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि समर्थ पोर्टल में कुल 42 मॉड्यूल उपलब्ध हैं, जबकि विश्वविद्यालय वर्तमान में तीन मॉड्यूल पर कार्य कर रहा है। उन्होंने शेष मॉड्यूल को भी चरणबद्ध तरीके से सक्रिय करने के निर्देश दिए, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां अधिक पारदर्शी, सुगम और तकनीक आधारित बन सकें। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में सीवर लाइन, विद्युत व्यवस्था, आंतरिक सड़कें, खेल मैदान, पार्किंग, पेयजल, शौचालय एवं सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित तरीके से विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने स्मार्ट बोर्ड एवं स्मार्ट क्लास की स्थापना, आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावासों में स्वच्छ शौचालय, स्नानघर, किचन, लाइब्रेरी एवं आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने काशी नरेश विश्वविद्यालय के निरीक्षण के दौरान विज्ञान संकाय, शिक्षा संकाय, कला संकाय सहित विभिन्न विभागों व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित, भूगोल, अर्थशास्त्र एवं अन्य विभागों की शिक्षण व्यवस्था तथा प्रयोगशालाओं की जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों से संवाद करते हुए उन्होंने पाठ्यक्रम संचालन, शोध, अनुसंधान, नवाचार एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र एवं भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करनी चाहिए।
केएनयू में तैयार की जाए दूरदर्शी कार्ययोजना
काशी नरेश विश्वविद्यालय में निरीक्षण के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नए भवन एवं सुविधा निर्माण को लेकर चर्चा किया। कहा कि निर्माण कराने से पहले समग्र एवं दूरदर्शी कार्ययोजना तैयार की जाए। भवनों के निर्माण में प्रयोगशालाओं, फार्मेसी, कक्षों के आकार, शिक्षकों के कक्ष, छात्राओं के लिए लेडीज रूम और अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य केवल भवन बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी उपयोगिता, आवश्यकता एवं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजना तैयार की जानी चाहिए। इस दौरान छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। संचालन संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ऋचा ने किया। कुलपति प्रो. उमा श्रीवास्तव ने स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल करीब चार घंटे तक रहीं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मौलश्री का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विकसित भारत के निर्माण में एआई की भूमिका अहम
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विषय पर कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग सही दिशा और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनने के साथ-साथ एआई का जिम्मेदारीपूर्ण एवं विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्र अभिव्यक्ति के साथ संस्कार, नैतिक मूल्य, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दाैरान कुलाधिपति की विशेष कार्याधिकारी सुधीर महादेव बोबडे, प्रो. रीना सिंह, प्रो. कल्पना अवस्थी, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, एसपी अभिनव त्यागी, एडीएम शुभांगी शुक्ला, कुलसचिव डॉ. महेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक केशलाल, सहायक कुलसचिव शिरीष कुमार सिंह, डीएफओ विवेक यादव, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. कृष्णावतार त्रिपाठी राही, उमेश पटेल आदि उपस्थित रहे।

सपा नेता समेत दो को पुलिस ने किया नजरबंद
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन के मद्देनजर पुलिस ने सोमवार को दो नेताओं को नजरबंद कर दिया। औराई पुलिस ने सपा के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मिश्र पप्पू को भमौरा स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। उन्होंने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। कहा कि भाजपा सरकार पीडीए गठबंधन से इतनी घबरा गई है कि भोर होते ही उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इसी तरह विश्वविद्यालय बनाओ संघर्ष समिति के संस्थापक शिवम शुक्ला भी नजरबंद किए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed