भदोही। अक्षय तृतीया पर शहर से गांव तक के सराफा दुकान ग्राहकों से गुलजार रहे। सराफा कारोबारी अरविंद गुप्ता ने बताया कि रविवार को बंदी होने के बावजूद 10 करोड़ का कारोबार हुआ। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ बर्तन और वाहनों की भी बिक्री हुई। सोने-चांदी के आभूषणों की कीमतों में वृद्धि के बावजूद ग्राहकों ने सोने के सिक्के, चेन, अंगूठी और शादी के गहनों की खरीदारी की। अक्षय तृतीया वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन खरीदारी करना शुभ माना जाता है। मान्यताओं के अनुसार इस दिन जो भी शुभ कार्य किए जाते है, उसका परिणाम अच्छा होता है। घोसिया के सराफा कारोबारी दिलीप कुमार ने बताया कि नेकलेस, हार, चोकर, चूड़ी, कंगन, रानी हार, ब्रेसलेट के अलावा जेंट्स-लेडीज अंगूठी, मांगटिका, मंगलसूत्र की खरीदारी हुई। वहीं, चांदी में पाजेब, पायल, बिछिया, कमरबंद, कर्धन की भी मांग रही। भदोही नगर के प्रमुख सराफा कारोबारी धीरज बरनवाल ने बताया कि अक्षय तृतीया पर गर्मी का भी असर दिखा। दोपहर के समय दुकानों पर ग्राहक नहीं रहे। सुबह-शाम में उम्मीद के मुताबिक कारोबार रहा। बाजार पर सोना महंगा होने का भी असर रहा।