सामूहिक दुष्कर्म केसः विधायक विजय मिश्र के बेटे के खिलाफ पुलिस ने पिटवाई डुगडुगी, चस्पा किया कुर्की नोटिस
वाराणसी की एक गायिका ने अक्तूबर 2020 में विधायक विजय मिश्र, उनके बेटे और नाती के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। विधायक पहले से ही जेल में है जबकि नाती हाईकोर्ट से जमानत पर है लेकिन कारोबारी बेटा विष्णु मिश्र अब भी फरार चल रहा है।
विस्तार
सामूहिक दुष्कर्म के मामले में ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र के कारोबारी बेटे विष्णु मिश्र के खिलाफ शिकंजा कसने की कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर शुरू कर दी गई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर शनिवार को गोपीगंज पुलिस ने भदोही के कौलापुर पहुंचकर धारा- 82 (सीआरपीसी) की कार्रवाई करते हुए डुगडुगी बजवाई और नोटिस चस्पा की।
रिश्तेदार की जमीन एवं फर्म हड़पने के मामले में ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र, उनके बेटे विष्णु मिश्र, पत्नी एमएलसी रामलली मिश्र के खिलाफ जुलाई 2020 में मुकदमा दर्ज हुआ था। उसके बाद गिरफ्तार विधायक आगरा जेल में बंद है जबकि एमएलसी पत्नी हाईकोर्ट से जमानत पर हैं, लेकिन बेटा विष्णु फरार चल रहा है।
विधायक की गिरफ्तारी के बाद वाराणसी की एक गायिका ने अक्तूबर 2020 में विधायक, उनके बेटे विष्णु मिश्र और नाती के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। विधायक पहले से ही जेल में है जबकि नाती हाईकोर्ट से जमानत पर है, लेकिन कारोबारी बेटा विष्णु मिश्र अब भी फरार चल रहा है।
समय से नही हाजिर होने पर धारा-83 की कार्यवाही की जाएगी। इधर, गोपीगंज पुलिस मामले मे चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी शुरू कर दी है। गत दिनों प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने आगरा जेल जाकर विधायक विजय मिश्र का बयान दर्ज किया था।
विजय मिश्र पर दुष्कर्म का मुकदमा कराने वाली पीड़िता ने दी आत्मदाह की धमकी
ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली वाराणसी की युवती ने न्याय न मिलने पर आत्मदाह की धमकी दी है। बृहस्पतिवार रात एक वीडियो जारी कर न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने कहा कि पुलिस व विधायक के गुर्गे उसके परिवार को टार्चर कर रहे हैं। उसका भाई आज तक मुंबई नहीं गया, लेकिन उस पर वहां मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विधायक विजय मिश्र, बेटे विष्णु मिश्र और नाती ज्योति मिश्र पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली वाराणसी की गायिका ने 19 अगस्त को वीडियो जारी कर इंसाफ न मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी।