ऊंज। ज्ञानपुर मुख्य नहर समेत राजवाहा और माइनरों में पानी न छोड़ने से नाराज किसानों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। नहर विभाग पर आरोप लगाया कि मुख्य फसल गेहूं की सिंचाई का समय आ चुका है, लेकिन विभाग पानी नहीं छोड़ रहा है।
कहा कि किसान मजबूर होकर निजी नलकूपों से महंगी दर पर सिंचाई करने के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं। जबकि मुख्य नहर और कई राजवाहा, माइनरों से लगभग एक हजार गांव जुड़े हैं। कुछ गांव ऐसे हैं, जहां पर किसी प्रकार की सिंचाई व्यवस्था न होने से राजवाहा-माइनर विकल्प हैं। मुख्य नहर से दरवांसी, गोधना, सुधवैं, बसहीं, सुभाषनगर, बिछिया, सीकीचौरा, मैलौना, दवनपुर, त्रिभुवनपुर आदि गांव जुड़े हैं, जहां किसान फसलों की सिंचाई के लिए हैरान हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि तीन दिन में पानी नहीं छोड़ा गया तो डीएम और एक्सईएन नहर विभाग का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुमित सिंह, गंगा यादव, नागेंद्र बिंद, शिवप्रकाश बिंद, अभय मिश्रा, शिवम सिंह, अंकित मिश्रा, पंचलाल, शिवबहादुर, हरिशंकर यादव आदि शामिल रहे।