जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दाैरान 97 शिकायतें आईं। माैके पर 22 मामलों निस्तारण किया गया। 75 मामले लंबित रह गए। औराई में डीएम शैलेष कुमार ने लोगाें की शिकायतें सुनीं। उन्होंने राजस्व विभाग के अफसरों को लंबित मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि मामले का निस्तारण करते समय राजस्व और पुलिस टीम के लीडर के रूप में एक-एक जनपदीय अधिकारी को नामित किया जाए। टीम लीडर तत्काल उसी दिन प्रकरण का स्थलीय मुआयना करते हुए निस्तारण कराएं। शिकायतों का निस्तारण करने के लिए शिकायतकर्ता से बात करें, मौके पर जाएं, स्पष्ट रूप से आख्या लिखे, कागजी खानापूर्ति न करें। इस दौरान 47 प्रार्थना पत्र आए। डीएम ने नौ मामलों का निस्तारण किया। इस मौके पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक, सीएमओ डाॅ. संतोष कुमार चक, एसडीएम श्याममणि त्रिपाठी, तहसीलदार सुनील कुमार, बीडीओ दिलीप कुमार आदि रहे। भदोही तहसील में एडीएम न्यायिक विजय नारायण ने लोगों की शिकायतें सुनी। यहां पर 25 मामलों में सात का निस्तारण किया गया। तहसीलदार ज्ञानपुर अजय कुमार सिंह ने बताया कि 25 मामले आए। छह का निस्तारण कर शेष के लिए टीम गठित की गई है।