घोसिया। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने रविवार को घोसिया चौराहे के समीप वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य को देखा। औचक निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने खामियां मिलने पर एनएचएआई के अधिकारियों को फटकार लगाई। हिदायत दी कि अधूरी सड़क को समय पर पूरा नहीं कराएंगे तो विभागीय कार्रवाई के लिए मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
राजमार्ग से घोसिया सदररोड, स्टेट बैंक से सेऊर समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली सड़क को कई महीनों से बंद कर दिए जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत कई बार जिला प्रशासन और एनएचएआई अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उक्त स्थान पर लगभग एक वर्ष पूर्व सिक्सलेन निर्माण के तहत सर्विसलेन और नाला के लिए गड्ढे की खोदाई कराई गई थी, लेकिन सिक्सलेन निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था की उदासीनता से निर्माण नहीं कराया जा सका। बल्कि दोनों संपर्क मार्गों को बंद करा दिया गया। जिलाधिकारी ने रविवार को औचक निरीक्षण कर काम को समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया। मौके पर उपस्थित रहे एनएचएआई, कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कहा कि पहले जनहित की समस्याओं का समाधान कराना चाहिए न कि उलझाना चाहिए। जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद एनएचएआई ने अधूरे पड़े कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया है।