जंगीगंज। वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर सूफ़ीनगर-गोधना में अब तक कट प्वाइंट न खुलने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को राजमार्ग पर प्रदर्शन किया। एनएचएआई अधिकारियों पर आरोप लगाया कि सिक्सलेन निर्माण कर सभी कट प्वाइंट को बंद कर देने से छात्र-छात्राओं, वाहन चालकों और आम यात्रियों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उक्त स्थान पर डिग्री कॉलेज, बीटीसी, बीएड कॉलेज, अस्पताल, पेट्रोलपंप, रेलवे स्टेशन समेत अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं। बावजूद इसके अनदेखी की जा रही है। जबकि पूर्व के दिनों में अधिकारियों को लिखित शिकायत कर जनहित को देखकर सूफीनगर के आसपास कट प्वाइंट को खोलने की मांग की गई, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। चार से पांच कि लोमीटर के दूर पर बने अंडरपास ब्रिज से क्रॉसिंग लेना भारी पड़ रहा है। आरोप लगाया कि अधिकारी सिर्फ चहेतों को ध्यान में रखकर कभी गोपीगंज नगर, गिराई, महराजगंज को वरीयता दे रहे हैं जिसकी शिकायत राजमार्ग मंत्रालय, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक की जाएगी। एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हो सका तो उग्र आंदोलन के लि ए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी एनएचएआई की होगी। प्रदर्शन करने वालों में सुमित सिंह सोनू, संदीप मिश्रा, विजयराज सिंह, प्रेमशंकर उपाध्याय, तीर्थराज शुक्ला, समसुद्दीन, सत्यनारायण सरोज, सुरेश यादव, राकेश मिश्र आदि रहे। पीडी एनएचएआई एके राय ने कहा कि कट प्वाइंट खोलने के लिए कुछ स्थानों को चयनित किया जा रहा है।