UP : किशोरी की माैत मामले में SP नेता ने लगाया गंभीर आरोप, बोले- उसकी किडनी थी गायब; जीरो टाॅलरेंस पर भी सवाल
Bhadohi News : भदोही कोतवाली के याकूबपुर निवासी 12 वर्षीय किशोरी लक्ष्मी बीते 24 नवंबर को घर से कुछ दूर पर आई एक बरात देखने गई थी और घर नहीं लौटी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। 29 नवंबर को घर से कुछ दूर पर लक्ष्मी का शव मिला। लक्ष्मी की हत्या की गई थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
सपा नेता पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा गुरुवार को मृतक किशोरी लक्ष्मी विश्वकर्मा के घर याकूबपुर पहुंचे। सपा की जिला कमेटी के साथ गांव पहुंचे पूर्व मंत्री ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गांव से लौटने के बाद पूर्व मंत्री ने भदोही में पत्रकारों से बातचीत की। कहा कि यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सरकारी जीरो टाॅलरेंस की बात जरूर करती है, लेकिन यह कहीं दिखता नहीं। रणई गांव के किशोरी की हत्या का मामला उठाते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में पूरी तरह से फेल रही है।
आरोप लगाया कि पुलिस के रवैए से ऐसा लग रहा है कि वह अपराधियों को बचाना चाहती है। कहा कि शव मिलने के 48 घंटे बाद मुकदमा दर्ज किया जाना भी कई सवाल खड़े करता है। बताया कि हमें पता चला है कि किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट से किडनी गायब थी। यह एक गंभीर प्रकरण है।
सवाल उठाया कि जिले में कहीं मानव तस्करी गैंग तो सक्रिय नहीं है। मौके पर जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव, विकास यादव, आरिफ सिद्दीकी, हृदय नारायण प्रजापति, श्यामला सरोज, मंटू सिंह, रवि यादव, सरिता बिंद, केशनारायण यादव, डॉ. पवन विश्वकर्मा, सूबेदार विश्वकर्मा, आशीष विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र कुमार मिश्र पप्पू रहे।
कोतवाल से किया सवाल-जवाब
पूर्व मंत्री ने किशोरी के आत्महत्या के प्रकरण में कोतवाल से सवाल जवाब किया। उन्होंने अब तक खुलासा न होने को लेकर पूछताछ की और कहा कि जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए। पूर्व मंत्री के सवालों पर एसएचओ ने बताया कि पुलिस टीम लगी हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।