लालानगर। गोपीगंज थानाक्षेत्र के गोपपुर गांव में एक कालीन कंपनी के समीप बुधवार को सुबह एक युवक का शव गूलर के पेड़ से लटकता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
गोपपुर स्थित एक अहाते में बुधवार को दिन में लगभग 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता देख ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पेड़ से उतार कर लिखापढ़ी के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से मिली डायरी में दर्ज मोबाइल नंबर मिलाकर शिनाख्त की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह वह शौच के लिए निकले थे। अहाते की दीवार से सटकर लगे गूलर के पेड़ में गमछे के फंदे से लटके युवक पर नजर पड़ी तो चौंक गए। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने शव को नीचे उतारा और शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। गूलर की पतली डाल पर गमछे के फंदे से लटके युवक को देखकर मौके पर मौजूद लोग हत्या की आशंका जता रहे थे। चर्चा थी कि इतनी पतली डाल को कोई आत्महत्या के लिए क्यों चुनेगा। गोपीगंज कोतवाल केके सिंह ने कहा कि मृतक की जेब से मिली डायरी में दर्ज मोबाइल नंबर मिलाया गया, मगर फोन रिसीव नहीं हुआ। दूरदराज क्षेत्रों से आकर गोपपुर में रहने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या और आत्महत्या की गुत्थी सुलझ पाएगी।