मोढ़ (भदोही)। उगईपुर स्थित एक आभूषण की दुकान में बुधवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर हजारों का माल पार कर दिया। चोरी की जानकारी सुबह मिलने के बाद दुकान स्वामी परेशान हो गया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और लौट गई। भुक्तभोगी के मुताबिक 50 हजार से अधिक की चोरी हुई है।
ऊगईपुर निवासी विशाल सेठ उसी बाजार में कई वर्षों से सराफा की दुकान चलाते हैं। प्रतिदिन की भांति बुधवार की शाम को वह दुकान बंद करने के बाद घर चले गए। इसी बीच रात में किसी समय चोर पहुंचे और पीछे की दीवार में सेंध लगाकर हजारों का समान उठा ले गए। गांव के लोगों ने सुबह दुकान की दीवार में सेंध लगी देखकर इसकी जानकारी दुकानदार को दी। दुकानदार भागते हुए दुकान पहुंचा। अंदर जाकर देखा तो आभूषण और अन्य सामान गायब थे। दुकानदार ने कहा कि आभूषण समेत 50 हजार के सामान चोरी हो गए हैं। सूचना मिलने के बाद भदोही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू हो गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया।