ऊंज। थाना क्षेत्र के वहिदानगर मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की शाम चार बजे दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया।
कलापुर गांव निवासी सुनील (19) पुत्र श्याम यादव, सनी (16) पुत्र शिव प्रताप यादव, अनिल यादव (18) पुत्र शिवलाल यादव एक ही बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। उसी समय सूफीनगर-गोधना निवासी मंसूर अली (40) अपने बाइक से राजमार्ग पर आया। इससे दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार लहुलहान होकर सड़क पर औंधे मुंह गिर तड़पने लगे। जब तक लोग मंसूर अली को अस्पताल पहुंचाते तब तक उसकी मौत हो गई। घटना स्थल पर आस-पास के लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। घायलों की भी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक मंसूर अली बल्ली-पटरे का व्यवसाय कर परिवार को भरण-पोषण करता था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घायलों को लेकर परिवार वाले परेशान है।