{"_id":"5a79fbc44f1c1bcb268b89c1","slug":"171517943748-bhadohi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सड़क दुर्घटना में आईआईसीटी के दो छात्रों की मौत","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
सड़क दुर्घटना में आईआईसीटी के दो छात्रों की मौत
Updated Wed, 07 Feb 2018 12:32 AM IST
विज्ञापन
भदोही। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कारपेट टेक्नोलॉजी (आईआईसीटी) के दो छात्रों की सोमवार की देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों किसी कार्य के सिलसिले में हॉस्टल से बाहर निकले थे। भदोही नगर स्थित इंदिरा मिल फ्लाई ओवर ब्रिज पर उनका क्षत-विक्षत शव पड़े होने की जानकारी राजमार्ग से गुजर रहे ट्रक चालकों ने लोगों को दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों की मौत हो चुकी थी। मंगलवार को सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। आजमगढ़ जिले के जहानागंज थानाक्षेत्र के बबुरा गांव निवासी सुनील कुमार पुत्र शिवचंद्र राम और फैजाबाद के गोसाईंगंज थानाक्षेत्र के मानापारा निवासी कपिलदेव यादव पुत्र बच्चाराम यादव आईआईसीटी भदोही में बीटेक चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र थे। दोनों संस्थान के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते थे। हॉस्टल के वार्डन अनुपम अग्रवाल के मुताबिक दोनों रात 9.35 बजे दवा लेने की बात कहकर हॉस्टल से बाहर निकले थे। उसके बाद नहीं लौटे। बताया जाता है कि रात्रि करीब साढ़े 11 बजे इंदिरा मिल फ्लाईओवर ब्रिज पर वे दोनों सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। इससे उनकी मौत हो गई। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ओवर ब्रिज पर स्थित स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गए या किसी वाहन की टक्कर के बाद पोल से टकराए यह यह किसी ने नहीं देखा, लेकिन उनकी बाइक के टायर घिसटने के निशान और स्ट्रीट लाइट के पोल में लगे खून के धब्बे से अनुमान लगाया जा रहा है कि बाइक सवार दोनों छात्रों की मौत स्ट्रीट लाइट के पोल में टकराने से हुई होगी। रात में उधर से गुजर रहे ट्रक चालकों ने नगर में आकर लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। भदोही कोतवाल मनोज पांडेय के मुताबिक बाइक सवार दोनों युवक स्ट्रीट लाइट के पोल से टकरा गए थे। इससे उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन