ज्ञानपुर/लालानगर। जिले के रामपुर और डेंगुरपुर गंगा घाटों पर पांटून पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने शनिवार को शुरू कर दिया। नवरात्र का पहला दिन होने के कारण वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुल निर्माण आरंभ किया गया। गंगा आर-पार की समस्या झेल रहे लोगों में चर्चा रही कि विभाग ने नवरात्र के प्रथम दिन शुरुआत की है तो शीघ्र ही निर्माण पूरा कराकर आवागमन के लिए पुलों को खोल दिए जाएंगे।
गत वर्ष गंगा दशहरा के पूर्व ही पुलों को तोड़कर आवागमन पर रोक लगा दी थी, उसके बाद यात्री जान को जोखिम में डालकर छोटी-बड़ी नाव से गंगा आर-पार हो रहे थे। काफी उठापटक के बाद शुरु कराए गए नि:शुल्क स्टीमर का संचालन भी हुआ, लेकिन यात्रियों को पूर्व की अपेक्षा लाभ नहीं मिल पा रहा था। न चाहकर यात्री विंध्याचल, मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र, मध्यप्रदेश, जिगना, मांडा, मिश्रपुर आदि क्षेत्रों की यात्रा पक्का पुल-मिर्जापुर से कर आर्थिक दोहन झेलते हुए करते रहे। जेई विकास यादव की देखरेख में पं. केशव प्रसाद ने मंत्रोच्चार से रामपुर घाट पर पुल निर्माण की पहल शुरु करा दी। एक्सईएन हीरामणि वर्मा ने कहा कि गंगा में पानी अधिक होने के बाद भी विभाग निर्माण को लेकर संकल्पित है और कार्तिक पूर्णिमा से आवागमन चालू करा दिया जाएगा। इस मौके पर मेठ रामदुलार सहित क्षेत्र के सभ्रांतजन उपस्थित रहे।