ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने पांच से 31 अक्तूबर तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक की। इस साल 11 से 31 अक्तूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाए। डीएम ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए तैयारियों को परखा। अधूरे कार्य को पूर्ण करने का त्वरित निर्देश दिए। कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुड़े मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अंतर्विभागीय समन्वय से युद्धस्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जाए। प्रशिक्षण से छूटे हुए कर्मचारियों को मापक राउंड में शत-प्रतिशत प्रशिक्षित कराया जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माइक्रोप्लान के अनुसार अधिकारी कार्य समय से पूर्ण करें। स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का विशेष ध्यान दिए जाए। तालाबों, नालों व नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव हो। निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित है, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं। महिलाओं और कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाए। सीएमओ डॉ. एसके चक डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि चिकित्सा विभाग को सौंपे गए सभी कार्याे व दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है। बैठक में सीडीओ बाल गोविंद शुक्ल, डीएमओ डॉ. रामआसरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।