15 से 18 साल के किशोरों को वैक्सीन लगाने की शुरुआत हो चुकी है। अभियान को सफल बनाने के लिए अब 183 माध्यमिक और इंटर कॉलेजों में शिक्षा विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग कैंप लगाकर युवाओं को सुरक्षा कवच का टीका लगाएगा। सभी छह सीएचसी अधीक्षकों को स्कूलों की सूची मुहैया करा दी गई है। शीतावकाश खत्म होने पर छह जनवरी से मकर संक्राति तक शिविर में लगाकर टीकाकरण किया जाएगा।
कोरोना के नए वैरियंट ओमिक्रॉन संग डेल्टा वैरियंट के मामले देश में तेजी से बढ़ रहे हैं। 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को पहली और दूसरी डोज लगाई जा रही है। किशोरों को सुरक्षित करने के लिए तीन जनवरी से उन्हें भी को-वैक्सीन लगना शुरू हो गया है, लेकिन कड़ाके की ठंड के कारण स्वास्थ्य केंद्रों पर उम्मीद के मुताबिक युवा नहीं पहुंच पा रहे हैं। शासन के निर्देश पर अब राजकीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त माध्यमिक और इंटर कॉलेजों में कैंप लगाकर वैक्सीनेशन अभियान को स्वास्थ्य विभाग धार देगा। जिले में इसके लिए 183 विद्यालयों को चिन्हित कर छह सीएचसी अधीक्षकों को सूची भेज दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष चक ने कहा कि सुरियावां, डीघ, औराई, गोपीगंज, भदोही, दुर्गागंज के सीएचसी अधीक्षकों को स्कूलों की सूची भेजी गई है। वह अपने सुविधानुसार कैंप लगाकर स्कूलों में आने वाले बच्चों को वैक्सीन लगाएंगे।