सर्रोई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय बृहस्पतिवार को घसकरी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने कमलाकांत दूबे के परिवार से मिलकर उनको ढांढ़स बंधाया। सरकार से परिवार के एक सदस्य को नौकरी, 50 लाख मुआवजा और सुरक्षा की मांग की। कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध से जनता परेशान है। ब्राह्मण समाज पर लगातार हमले हो रहे हैं। सूबे की कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। मृतक कमलाकांत दूबे के बेटे विवेक दूबे ने बताया कि घटना के बाद से उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि परिवार की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की है। यदि परिवार को कोई नुकसान पहुंचा तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। जब तक दोषियों को सजा और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। पार्टी पीड़ित परिवार की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी, कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय, डॉ. राजेंद्र दुबे राजन, सुरेश चंद्र मिश्रा, राकेश मौर्य, दीनानाथ दुबे, काशीनाथ गौतम, राजेश्वर दुबे, प्रेम बिहारी उपाध्याय, मसूद आलम आदि रहे।