भदोहीः बाहुबली विधायक विजय मिश्र की बेटी की सीएम योगी से गुहार, बोली- फर्जी मुकदमे दर्ज होना बंद हो
विधायक विजय मिश्र की अधिवक्ता पुत्री रीमा पांडेय ने मंगलवार को वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई। कहा कि एक मंत्री, विधायक और पूर्व सांसद के इशारे पर पुलिस उनके परिवार को प्रताड़ित कर रही है।
विस्तार
वीडियो में कहा कि जिन मुकदमों में चार्जशीट लग गई है उसमें समझौते का सवाल ही नहीं। अब कोर्ट ही निर्णय करेगा कौन सच्चा है कौन झूठा है। उनके रिश्तेदार और दुष्कर्म पीड़िता ने मुकदमे में यह जिक्र किया कि केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। जिन लोगों से मुकदमे से कुछ लेना देना नहीं है उनको भी फर्जी फंसाया जा रहा है।
करीब सात मिनट के वीडियो में रीमा पांडेय ने भदोही, वाराणसी पुलिस और एसटीएफ पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि एक मंत्री, विधायक और पूर्व सांसद के इशारे पर पुलिस उनके परिवार को प्रताड़ित कर रही है। मुकदमे की पैरवी न करने के लिए लगातार धमकाया जा रहा। जिसकी शिकायत की, लेकिन आज तक सुरक्षा नहीं मिली।
पढ़ेंः इलाज में लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमित की मौत, जौनपुर के डीएम, तत्कालीन सीएमओ समेत 5 पर हत्या का वाद दर्ज
जो यूपी में रहते ही नहीं, उन पर भी मुकदमा
एक साल के अंदर उनके पिता विधायक विजय मिश्र और परिवार के अन्य सदस्यों पर 11 आपराधिक केस दर्ज हुए। उनके जीजा और बहनों पर भी मुकदमे दर्ज किए गए जो कि यूपी में रहते ही नहीं।
बता दें कि ज्ञानपुर सीट से विधायक विजय मिश्र पर शिकंजा कसता जा रहा है। करीबियों संग दोनों बेटियों पर भी केस दर्ज हो चुका है।
इससे पहले सोमवार को रीमा पांडेय ने डीजीपी, डीआईजी और एसपी को पत्र भेजकर कहा कि जिस प्रकरण में अगस्त 2020 में मुकदमा दर्ज हो चुका है। अब उसी से जुड़े मुकदमों में दुबारा केस दर्ज किया गया। फर्जी मुकदमे में फंसाया गया। आरोप लगाया कि साजिश के तहत सभी कार्रवाई हो रही है।