सबकुछ ठीक रहा तो 2022 भदोही में जिला पशु चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन मंडल स्तरीय पाली क्लीनिक (मवेशियों का ट्रामा सेंटर) शुरू हो जाएगा। इसमें पशुओं का सीटी स्कैन (कंप्यूटर टोमोग्राफी), एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड के साथ ही खून की जांच भी होगी। जांच के जरिये बीमारी का पता लगाकर पशुओं को दवा दी जाएगी। कार्यदायी संस्था पैक्सफेड पाली क्लीनिक भवन को दिसंबर तक हैंडओवर कर देगी।
जिले में एक पशु अस्पताल, 11 पशु सेवा केंद्र स्थापित हैं। इन अस्पतालों में मवेशियों को इलाज की आधुनिक सुविधाएं नहीं मिलती हैं। जून 2016 में प्रदेश सरकार ने मिर्जापुर मंडल में पशु चिकित्सा पाली क्लीनिक निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगा था। इसके लिए मंडल स्तर पर सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही में जमीन चयन की प्रक्रिया शुरू की गई। मिर्जापुर और सोनभद्र में जमीन नहीं मिलने पर ज्ञानपुर स्थित जिला पशु अस्पताल परिसर की खाली जमीन पर पाली क्लीनिक के निर्माण के लिए स्वीकृति दे दी गई। चिकित्सालय का निर्माण सात सौ वर्ग मीटर में हो रहा है। यह मंडल का पहला पशु चिकित्सा पाली क्लीनिक होगा। इसमें पशु चिकित्सा से संबंधित सभी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। छह करोड़ 49 लाख की लागत से बनने वाले क्लीनिक को कार्यदायी संस्था पैक्सफेड बना रही है।