ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण को रोकने की मुहिम में एक जून से 18 से 44 वर्ष के लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग से लेकर प्रशासन की ओर से इसकी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। पहले चरण में नौ लाख युवाओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। डीएम आर्यका अखौरी ने अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने का निर्देश दिया।
वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए 15 जनवरी के बाद जिले में वैक्सीनेशन शुरू हुआ। पहले चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, फ्रंट लाइन वर्कर, उसके बाद बीमार और बाद में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगनी शुरू हुई। अब एक जून से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि टीकाकरण के लिए कोविनडाटगोवडाट इन पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। दिव्यांग, श्रमिक, ग्रामीण, जन सेवा केंद्र से सहयोग लेकर टीका के लिए पंजीकरण कराएं। प्रत्येक रविवार को सुबह 10 बजे, सोमवार से शनिवार के लिए कोविड वैक्सीनेशन केंद्र में स्लॉट बुक करने के लिए खोला आएगा। एक से पांच जून तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज, भदोही, सुरियावां, औराई, डीघ और अर्बन नई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नई बाजार में टीकाकरण होगा। अभिभावक स्पेशल कोविड टीकाकरण केंद्र के लिए महाराजा चेत सिंह हॉस्पिटल और महाराजा बलवंत सिंह को नामित किया गया है।