सरोई। भदोही नगर पालिका के विस्तारित इलाके में लगी स्ट्रीट लाइटें 20 दिन में ही जवाब देने लगीं हैं। करीब 66 लाख की लागत से औराई-भदोही मार्ग पर 66 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इनमें से 30 लाइटें बुझ गई हैं। 20 दिन में ही बुझी लाइटों को लेकर लोग इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।
भदोही नगर पालिका के विस्तारित क्षेत्र में पेयजल, सड़क और अन्य सुविधाओं को लेकर लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। नगर पालिका ने विस्तारित इलाकों में पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत करीब 60 लाख की लागत से भदोही-औराई मार्ग पर हरिरामपुर, प्रजापतिपुर, बनकट में नगर पालिका की सीमा तक कुल 66 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। 20 दिन पहले ही सांसद डॉ. विनोद बिंद, पालिकाध्यक्ष अतहर अंसारी समेत अन्य ने इसका शुभारंभ किया था। तिरंगा कलर में लिपटीं इन लाइटों के लगने के बाद सड़क की सुंदरता बढ़ गई थी लेकिन यह सुंदरता ज्यादा दिन तक नहीं टिकी। एक महीने भी नहीं बीते, 66 में से 30 स्ट्रीट लाइटें बुझ गईं। स्थानीय संतोष कुमार गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता, पिंटू मौर्य, रिंकू यादव, बच्चन यादव, प्रकाश यादव, लक्ष्मी शंकर मौर्य, शिव प्रकाश मौर्य आदि ने इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं कार्यदायी संस्था की जांच कराने की मांग की है।