ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। रविवार को कोविड-19 के चार मरीज सामने आए। इसके साथ ही जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1914 हो गई है, हालांकि एक्टिव केस की संख्या 86 है। कोरोना संक्रमित 10 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए।
कोरोना के रोकथाम को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से भले ही तमाम गाइडलाइन जारी की गई है लेकिन धरातल पर उसका असर नहीं दिख रहा है। बाजार, दुकानों पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे संक्रमण का दायरा दिन ब दिन बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में धनतुलसी का युवक, फत्तूपुर में अधेड़, सुरियावां में अधेड़ और फुलवरिया में युवती संक्रमित मिली। आंकड़ों पर गौर करें तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 60 हजार 689 संदिग्धों का सैंपल जांच के लिए लिया गया। इसमें 59 हजार 264 की रिपोर्ट आ चुकी है। जिसमें 1914 संक्रमित मिले जबकि 57 हजार से अधिक निगेटिव रहे। रविवार को 10 संक्रमित स्वस्थ हो गए। इससे स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1912 हो गई है। संक्रमितों के सापेक्ष एक्टिव केस की संख्या मात्र 86 है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को आइसोलेट किया जा रहा है। अधिकतर लोग होम आइसालेशन में रहना पसंद कर रहे हैं। उन्हें घर पर ही जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं।