Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   Youth flocked to the booths; they submitted applications for voter registration and requests for error corrections.

Basti News: बूथों पर उमड़े युवा, मतदाता के लिए आवेदन, त्रुटि सुधार की दी अर्जी

Sun, 22 Nov 2026 02:40 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 22 Nov 2026 02:40 AM IST
विज्ञापन
Youth flocked to the booths; they submitted applications for voter registration and requests for error corrections.
शहर के गांधीकला भवन बूथ पर बीएलओ को आवेदन देते मतदाता संवाद - फोटो : samvad
बस्ती। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए शनिवार को जिलेभर के बूथों पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं ने मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरे, जबकि नाम, पता और अन्य विवरणों में गड़बड़ी दूर कराने के लिए भी आवेदन किए गए।
विज्ञापन

कहीं मतदाता खुद बूथों पर पहुंचे तो कहीं बीएलओ को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करना पड़ा। कई स्थानों पर नेटवर्क की समस्या के चलते ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रभावित हुई। रविवार को भी बूथों पर विशेष अभियान चलेगा। शहर के गांधीकला भवन स्थित पांच बूथों पर युवा मतदाता बनने के लिए पहुंचे। यहां बीएलओ रेनू शर्मा, सावित्री, आशा, नितांत कश्यप और संकेत सिंह के साथ सुपरवाइजर कपिल शुक्ला मौजूद रहे। सुबह 11 बजे तक 11 आवेदन दर्ज किए गए थे।
विज्ञापन

सदर क्षेत्र के ग्रामीण बूथों पर भी नाम जोड़ने और संशोधन के लिए लोगों ने आवेदन किया। बनकटी संवाद के अनुसार, क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या के कारण फॉर्म-6, 7 और 8 ऑनलाइन भरने में परेशानी हुई। दोपहर 12 बजे तक मथौली के बूथ संख्या 37 पर छह नए नाम जोड़ने, दो नामों के विलोपन और दो विवरणों में संशोधन के आवेदन मिले। बूथ संख्या 36 पर तीन नए नाम जोड़ने, दो नाम हटाने और एक नाम में संशोधन के लिए आवेदन किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

बीएलओ के अनुसार, जागरूकता की कमी और अभिभावकों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने से भी काम की गति प्रभावित हो रही है। बाघापार के बूथ संख्या 434 पर बीएलओ राजकली ने बताया कि फॉर्म-6 और फॉर्म-7 के तीन-तीन आवेदन मिले हैं, जबकि फॉर्म-8 के लिए सूची का मिलान किया जा रहा है। सिरौती के बूथ संख्या 277 पर फॉर्म देर से मिलने और नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
बहादुरपुर संवाद के अनुसार, क्षेत्र में बूथों पर कम मतदाता पहुंचने के कारण बीएलओ को गांवों में दस्तावेज जुटाने पड़ रहे हैं। जूनियर हाईस्कूल कलवारी के बूथ संख्या 329 पर बीएलओ उषा देवी घर-घर जाकर संपर्क कर रही थीं। बूथ संख्या 330 पर छह नए आवेदन आए। प्राथमिक विद्यालय कलवारी मुस्तहकम के बूथ संख्या 331 पर तीन और बूथ संख्या 332 पर एक नए मतदाता का आवेदन मिला। बूथ संख्या 333 पर बीएलओ रिंकी देवी भी गांव में जाकर लोगों से दस्तावेज जुटा रही थीं। वहीं कुछ मतदाता स्वयं भी बूथ पर पहुंचे और नाम जुड़वाने व संशोधन के लिए फॉर्म जमा किए।
---
दोहरी प्रविष्टियां और विवरण की गड़बड़ी मिली
हर्रैया। उभाई गांव में मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान कई खामियां सामने आईं। कहीं एक ही व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज मिला तो कहीं मकान नंबर के स्थान पर गांव का नाम अंकित था। नामों में भी त्रुटियां मिलीं। उभाई निवासी गुड़िया देवी ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया। वहीं, कुछ नामों और विवरणों में सुधार की जरूरत सामने आई। समौड़ा बूथ संख्या 441 पर बीएलओ साधन विश्वकर्मा को कुल 14 आवेदन मिले। इनमें नए मतदाता बनाने के लिए फॉर्म-6 के 10, विवरण संशोधन के लिए फॉर्म-8 के दो और नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 के दो आवेदन शामिल हैं। बीएलओ ने समौड़ी, समौंडा कला और भरवट गांवों में घर-घर जाकर लोगों को अभियान की जानकारी दी थी। विशेष अभियान के तहत रविवार को भी सभी बूथों पर आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान चलेगा। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में संशोधन कराने के इच्छुक लोग अपने बूथ पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
-----
डीएम ने सात बूथों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश
बस्ती। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र 310-बस्ती सदर के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रगति देखी। उन्होंने किसान इंटर कॉलेज मरहा गोटवा के बूथ संख्या 371 और 372, प्राथमिक विद्यालय महरीपुर के बूथ संख्या 381, 382 और 383 तथा प्राथमिक विद्यालय कोठवा भरतपुर के बूथ संख्या 391 और 392 का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने बीएलओ से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम व विवरण में संशोधन तथा फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से मिले आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने और त्रुटियों को दूर करने में तेजी बरती जाए। मतदाताओं को सूची दिखाकर उनके नाम और विवरण का सत्यापन कराने तथा आवेदन भरने में सहयोग देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
---
लखनऊ से आए अधिकारी ने आठ बूथों का लिया जायजा
हर्रैया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर लखनऊ से आए सांख्यिकी अधिकारी टीपी गुप्ता ने शनिवार को क्षेत्र के आठ बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से फॉर्म-6, 7 और 8 की उपलब्धता तथा अब तक प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। निर्वाचन एप के माध्यम से अधिक से अधिक आवेदन करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाल्मीकि इंटर कॉलेज विक्रमजोत के बूथ संख्या 211, पूर्व माध्यमिक विद्यालय जीतीयापुर के बूथ संख्या 242, 243, 244 और 245 तथा बीआर इंटर कॉलेज हर्रैया के बूथ संख्या 392 और कंपोजिट विद्यालय हर्रैया के बूथ संख्या 403 व 404 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र और फोटो का मिलान कर त्रुटियां दूर करने के निर्देश दिए। कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम सूची में जोड़ा जाए। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के भी आवेदन लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रखे जाएं। इस दौरान उन्होंने एसडीएम प्रद्युम्न कुमार से भी पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जानी।

मतदाता पुनरीक्षण में 134 लोगों ने भरे फॉर्म
टिनिच। कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के सल्टौआ ब्लॉक के 19 बूथों पर चल रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत 134 लोगों ने विभिन्न फॉर्म भरकर आवेदन किया। इसमें मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और नामों में संशोधन के लिए आवेदन जमा किए गए। सुपरवाइजर रामपूजन यादव ने बताया कि बूथ संख्या 416 से 434 तक कुल 134 फॉर्म भरे गए। इनमें फॉर्म छह के 100, फॉर्म सात के 26 और फॉर्म आठ के आठ आवेदन शामिल हैं। इस दौरान बीएलओ पप्पू वर्मा, अरशद, मीना देवी और प्रेमलता पांडेय मौजूद रहीं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed