Basti News: बाजार पर चढ़ने लगा होली का रंग, सज गईं दुकानें
वैसे तो होली आने में अभी एक सप्ताह बाकी है, मगर बाजार पर होली का रंग चढ़ने लगा है। शहर से लेकर गांव तक दुकानें सज गई हैं। बाजारों में दुकानों पर गुलाल और पिचकारी के साथ अन्य सामानों की लोग खरीदारी करने लगे हैं।
कचरी, पापड़, रंग-गुलाल, पिचकारी और मुखौटे खरीदने के लिए लोग घरों से निकलने लगे हैं। रंगों के इस त्योहार में खरीदार और दुकानदार दोनों उत्साहित हैं। इस बार व्यापारी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जता रहे हैं। जिले में होली का पर्व आठ मार्च को मनाया जाएगा। होली के रंग में बाजार भी रंगे नजर आने लगे हैं। बाजार में अलग-अलग रंग के गुलाल और पिचकारी के अलावा गुझिया, मेवा से दुकानें सजी हुई हैं। बच्चे अभी से होली के रंग में रंगने लगे हैं। इसके चलते बाजार में चहल-पहल बनी हुई है।
गांधीनगर, मंगल बाजार, पांडेय बाजार, कटरा, कंपनीबाग, रोडवेज आदि इलाकों में काफी दुकानें सजी हुई हैं। गुलाल, रंग और पिचकारी के विक्रेता विवेक ने बताया कि पिछली बार होली पर कारोबार काफी मंदा रहा। इस बार बढ़ने की उम्मीद है। कई तरह के रंगों और पिचकारी की वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं। दुकानदार राहुल ने बताया कि इस बार बाजार में अलग-अलग तरह की पिचकारी गुब्बारे और अन्य आकर्षक सामान आए हैं। मगर सभी के दाम बढ़ गए हैं।
बच्चों को भा रहा मैजिक गिलास
इस बार होली में मैजिक गिलास नए उत्पाद के रूप में बाजार में आया है। इसमें साधारण पानी डालने पर वह रंगीन हो जाता है। यह बाजार में 40 रुपये में उपलब्ध है। जिसे बच्चे काफी पसंद कर रहे हैं। प्लास्टिक वाली पिचकारी 100 रुपये से 350 रुपये तक उपलब्ध है। टैंक के रूप में पिचकारी 100 रुपये से 400 रुपये तक में उपलब्ध है। इसके अलावा फैंसी पाइप की बाजार में धूम मची है। बच्चे स्पाइडर मैन, छोटा भीम आदि को खूब पसंद कर रहे हैं।
होली के उत्पाद और दाम
- पिचकारी- 10 से 250 रुपये तक
- टैंक वाली पिचकारी- 130 से 400 रुपये तक
- बंदूक वाली पिचकारी- 30 से 250 रुपये तक
- रंग और गुलाल- 10 से 50 रुपये तक
- पगड़ी- 30 से 50 रुपये तक
- बाल वाला मुखौटा 30 से 50 रुपये तक
- गुलाल गिफ्ट 60 से 150 रुपये तक