{"_id":"5b6b34e44f1c1b096a8b5ec9","slug":"3-kawand-yatri-died-in-accident-and-2-burnt-by-electricity","type":"story","status":"publish","title_hn":" तीन कांवड़ यात्रियों की मौत, दो करंट से झुलसे","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
तीन कांवड़ यात्रियों की मौत, दो करंट से झुलसे
basti
Updated Wed, 08 Aug 2018 11:52 PM IST
विज्ञापन
तबीयत खराब होने से बुजुर्ग कांवड़िए की मौत के बाद रोते-बिलखते घरवाले।
- फोटो : amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
ट्रॉली से गिरी महिला कांवड़ यात्री, मौत
नगर बाजार। फोरलेन स्थित पुरैना गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठकर जल लेने अयोध्या जा रही महिला गिरने से गंभीर घायल हो गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रुधौली थाना क्षेत्र के दुदराक्ष निवासी 30 वर्षीय राजकुमारी पत्नी किशोरी लाल बुधवार को गांव के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठ कर अयोध्या जल लेने जा रही थीं। अभी यह लोग नगर थाना क्षेत्र के हाईवे पर पुरैना के पास पहुंचे ही थे कि अचानक ट्रॉली से राजकुमारी गिर गईं। चलती ट्रॉली से गिरने पर गंभीर रूप से घायल राजकुमारी को साथी कांवड़ियों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान राजकुमारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
ट्रॉली से गिरा कांवड़िया, मौत
छावनी। भगवान शिव को तेरस पर जलाभिषेक के लिए अयोध्या से जल भरकर लौट रहे कांवड़िए की ट्रॉली से गिरने पर मौत हो गई। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
हादसा मंगलवार देर रात फोरलेन पर जमौजिया गांव के पास हुआ। छावनी एसओ अरविंद कुमार शाही ने बताया कि दुबौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान गांव निवासी रामशंकर (23) कांवड़ लेकर पैदल चल रहे थे। थकान आने के कारण कांवड़ियों की एक ट्रॉली पर पीछे बैठ गए। रात करीब पौने 11 बजे ट्रॉली जमौलिया के पास पहुंची ही थी कि रामशंकर को नींद आ गई। इसके कारण वह ट्रॉली से नीचे गिर गए। चलती ट्रॉली से सड़क पर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगी। साथी कांवड़ियों ने डॉयल 100 और एंबुलेंस के लिए फोन किया। मौके पर पहुंची हाईवे की एंबुलेंस से रामशंकर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत भेजा गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल फैजाबाद के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर कांवड़यात्री रामशंकर की मौत हो गई।
थकने से ट्रॉली पर बैठा, नींद में गिरा सड़क पर
विक्रमजोत। 22 साल की उम्र में पहली बार दोस्तों संग अयोध्या जाकर सरयू के पवित्र जल से भोलेनाथ के अभिषेक की जिद रामशंकर ने ठानी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
दुबौलिया थाना क्षेत्र के पकड़ी चौहान निवासी 22 वर्षीय रामशंकर पुत्र बृजलाल गांव के ही राम आसरे, राजन आदि के साथ मंगलवार को अयोध्या पहुंच गया। हनुमानगढ़ी के दर्शन के बाद तीनों साथियों ने सरयू में स्नान किया और कांवड़ में जल भर कर पैदल चल पड़े। पांच-छह किलोमीटर चलने पर रामशंकर को थकान लगने लगी। रात करीब पौने 12 बजे के आसपास उसने विक्रमजोत कस्बे के पास नाश्ता किया। थोड़ी देर आराम के बाद दुबौलिया बाजार कस्बे की ट्रैक्टर-ट्रॉली कांवड़ से सजी हुई पहुंच गई। साथियों ने रामशंकर को ट्रॉली पर बैठा दिया और खुद पैदल आगे की यात्रा शुरू कर दी। एक किमी आगे चलते ही रामशंकर को नींद आ गई। जमौलिया के एक ढाबे के सामने ट्रॉली से लुढ़कने पर ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच में गिर गया। जब तक ट्रैक्टर रोका जाता, ट्रॉली उसके सीने से गुजर चुकी थी। छटपटाते देख साथी एंबुलेंस के लिए फोन करने लगे। देरी होने पर कांवड़ियों की भीड़ जुट गई। दोनों लेन जाम कर दिया। तभी छावनी एसओ अरविंद शाही पहुंचे और सरकारी वाहन से सीएचसी पहुंचाया। इसके बाद कांवड़िए शांत हो गए। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर फैजाबाद रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत पर किसान पिता बृजलाल और माता सुनीता की चीख सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही थीं। किसी तरह लोग ढांढस बंधा रहे थे।
बुजुर्ग कांवड़ यात्री की तबीयत बिगड़ी, मौत
वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के जिनवा गांव निवासी कांवरयात्री 70 वर्षीय ठाकुर प्रसाद की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वहीं, ट्रॉली से गिरने पर दो लोग घायल हुए हैं।
जिनवा गांव के ठाकुर प्रसाद गांव के तमाम लोगों के साथ कांवड़ भरने अयोध्या गए थे। जल लेकर लौटते समय अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। ग्राम प्रधान मुन्ना शुक्ल व अन्य लोगों ने बताया कि पचपेड़वा चौराहे पर पहुंचे थे कि सुबह करीब नौ बजे सिर में तेज दर्द शुरू हुआ। जिसके बाद दवा दी गई। आराम करने के लिए कांवड़ के लिए गई ट्रॉली में लेट गए। थोड़ी देर बाद हिचकी शुरू हुई और लोग जब तक कुछ समझ पाते ठाकुर प्रसाद की मौत हो गई। घटना की जानकारी परिवार वालों को दी गई। मौत की सूचना पर पत्नी शांति सहित सभी परिजन रोने लगे। चार बेटे जगन्नाथ, बैजनाथ, अमरनाथ, राहुल और रिश्तेदारों के साथ महादेवा घाट पर अंत्येष्टि कर दी गई।
कांवड़ का पताका तार से टकराया, दो झुलसे
कप्तानगंज। एक दूसरे की होड़ में कांवड़ वाहन पर लगाए पताके को लहराने के दौरान हाईटेंशन तार से स्पर्श कर गया। इससे करंट की चपेट में आकर दो कांवड़ यात्री गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सीएचसी कप्तानगंज से दोनों को जिला अस्पताल फैजाबाद के लिए रेफर कर दिया गया है।
हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपहर करीब सवा दो बजे के आसपास हुआ। शहर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के राजा मैदान के डफाली टोले से 25 वर्षीय रजत पुत्र राजन तथा 22 वर्षीय आकाश पुत्र आसाराम सोनकर अयोध्या के सरयू तट से कांवड़ में जल लेकर भद्रेश्वर नाथ मंदिर में चढ़ाने के लिए जा रहे थे। इन लोगों का वाहन (पिकअप) अभी गड़हा गौतम गांव के पास बने फ्लाईओवर पर चढ़ रहा था कि केसरिया झंडा ऊपर उठाए रखने के कारण हाईटेंशन तार से छू गया। पताके में लोहे की छड़ लगे होने से इसमें करंट उतर गया। इसकी चपेट में आने से झंडा पकड़े दोनों कांवड़िए झुलसने लगे। चीख-पुकार पर वाहन रोकर दोनों को बचाया गया। रजत की हालत ज्यादा गंभीर हो गई। हाईवे पर गश्त कर रहे कप्तानगंज थानाध्यक्ष शतानंद पांडेय तथा प्रभारी निरीक्षक कानून व्यवस्था अनिल कुमार सिंह ने सरकारी गाड़ी से तत्काल दोनों को कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को फैजाबाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। रजत गंभीर रूप से झुलस गया है जबकि आकाश का हाथ ज्यादा जला है।
ट्रॉली से गिरे दो कांवड़ यात्री घायल
विक्रमजोत। अयोध्या के सरयू तट से जल लेकर बस्ती के बाबा भद्रेश्वरनाथ को जलाभिषेक के लिए निकले दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे ट्रॉली से गिरने पर हुआ। दोनों को फैजाबाद के लिए रेफर कर दिया गया है।
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सांई टोला निवासी सौरभ पुत्र शिवसरन (22 वर्ष) और प्रेम सागर (50) सरयू तट से जल लेकर पूरे ग्रुप के साथ ट्रॉली से बस्ती के बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में जल चढ़ाने के लिए निकले थे। फोरलेन पर विक्रमजोत के पास ट्रॉली से फिसल गए। सड़क पर गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी कांवड़ियों की सूचना पर पहुंची डॉयल 100 पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बस्ती पहुंचाया। परिवार वालों को घटना की जानकारी दी गई। प्राथमिक इलाज के बाद सीएचसी विक्रमजोत के डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय फैजाबाद रेफर कर दिया।
फोरलेन पर डाक बम कांवड़िया घायल
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बे के राष्ट्रीय राज मार्ग पर बुधवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे करीब दो कांवड़िए बाइक स्टंट के चक्कर में आपस में टकरा गये, जिसके चलते एक बाइक सवार अनियन्त्रित होकर गिर कर घायल हो गया और पैर फैक्चर हो गया। उसे मौजूद स्थानीय लोगों ने निकट स्थित एक प्राइवेट मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है । घायल कांवड़िए की पहचान रामदास पुत्र घनश्याम निवासी जिगनिहवा बाजार जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई । दूसरी घटना छावनी कस्बे के रामजानकी तिराहे पर डाक बम के लिए जल भरने जाते समय पांच बजे मोहित पुत्र रामचंदर निवासी वार्ड संख्या एक हर्रैया टाउन मोटरसाइकिल से सर्विस लेन की रेलिंग से टकरा कर बुरी तरह से घायल हो गए। मौके पर तैनात दरोगा प्रदीप यादव ने एंबुलेंस को आने में देरी होते देखकर घायल को सरकारी वाहन से पीएचसी छावनी पहुंचाया । यहां से इलाज के बाद चिकित्सकों ने मोहित को घर भेज दिया।