फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   ट्रक में टकराई डीसीएम, दो की मौत

ट्रक में टकराई डीसीएम, दो की मौत

Sat, 06 Oct 2018 12:10 AM IST
Updated Sat, 06 Oct 2018 12:10 AM IST
विज्ञापन
ट्रक में टकराई डीसीएम, दो की मौत
फोटो
विज्ञापन

ट्रक में टकराया डीसीएम, दो की मौत
फोरलेन पर महमूदपुर के पास हुई दुर्घटना
शुक्रवार की भोर में सड़क किनारे खड़ा था पंक्चर ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो
नगर बाजार। फोरलेन पर नगर थाना क्षेत्र के फुटहिया चौकी अंतर्गत महमूदपुर के पास खड़े ट्रक में डीसीएम जा टकराया। दुर्घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों संतकबीरनगर जिले के रहने वाले थे।
शुक्रवार की भोर में करीब चार बजे फोरलेन पर सड़क किनारे एक पंक्चर ट्रक खड़ा था। तभी लखनऊ से सब्जी लादकर गोरखपुर की तरफ जा रहा डीसीएम पहुंच गया। आशंका है कि झपकी के चलते अनियंत्रित होने से डीसीएम ट्रक में पीछे से टकरा गया। डीसीएम पर कोतवाली खलीलाबाद के ग्राम पकरडीहा निवासी 28 वर्षीय विनय कुमार पुत्र राम लौट और 26 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र निशानाथ त्रिपाठी निवासी दुघरा तिवारी थाना धनघटा बैठकर लखनऊ से खलीलाबाद जा रहे थे। दुर्घटना में विनय व अनिल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी नगर राम अशीष यादव व फुटहिया चौकी प्रभारी अशोक वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में ले लिया। तलाशी में जेब में आधार कार्ड व मोबाइल नंबर से दोनों की शिनाख्त हुई। इसके बाद हादसे की जानकारी दोनों के परिवार वालों को दी गई। घटना की जानकारी पाते ही दोनों के परिवार के लोग भी पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजा। साथ ही ट्रक और डीसीएम को कब्जे में लिया है। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक भाग निकले। दुर्घटना में डीसीएम अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक के भाई सिकंदर ने नगर पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि मेरा बड़ा भाई विनय व अनिल पुत्र निशानाथ त्रिपाठी ग्राम दुधरा तिवारी थाना धनघटा डीसीएम से लखनऊ से संतकबीरनगर आ रहे थे। चालक की लापरवाही से डीसीएम की खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर लग गई। इससे विनय और अनिल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष नगर राम अशीष यादव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। चालक भाग निकले हैं।
विज्ञापन



कमा कर घर तक भी नहीं पहुंच सका विनय
महमूदपुर के पास ट्रक-डीसीएम दुर्घटना में गंवाई जान
खलीलाबाद से पहुंचे परिजनों की चीख से नम हुईं आंखें
मो. जाहिद
नगर बाजार। लखनऊ में मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा 28 वर्षीय विनय महमूदपुर हादसे में मौत का शिकार हो गया। कमाई कर शुक्रवार की भोर में सब्जी लदे डीसीएम से खलीलाबाद के ग्राम पकरडीहा अपने घर जा रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन

फोरलेन पर महमूदपुर के पास खड़े ट्रक से जिस समय डीसीएम भिड़ी उस समय विनय भी नींद में था। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिवार के लोगों की चीख से हर किसी की आंखें डबडबा जा रही थीं। विनय के परिवार में पत्नी अनीता के अलाव तीन वर्षीय पुत्र विंदेस, दो वर्षीय पुत्री लाली तथा नौ माह का बेटा आयुष है। विनय चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई सोमनाथ और छोटे भाई विश्वंभर व सिकंदर हैं। पुलिस की सूचना पर परिजनों को यकायक विश्वास ही नहीं हुआ कि विनय अब इस दुनिया में नहीं रहा। मां कुसुमा व बूढ़े पिता रामलौट की चीख घटनास्थल पर हर किसी को द्रवित करती रही। पत्नी तो बेसुध हो जा रही थी।


नहीं रुक रहा है दुर्घटनाओं का सिलसिला
बस्ती-फैजाबाद को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं में मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ ऐसा ही हाल बस्ती-कलवारी मार्ग का भी है। तीन महीने में आठ लोगों ने जान गंवाई है। जगह-जगह डिवाइडर काट कर अवैध रास्ते होने से दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। 30 सितंबर को नगर थाने के खुटहन निवासी बाइक सवार गंगाराम यादव, 27 अगस्त को लल्लन प्रसाद निवासी सिद्धार्थनगर, 16 अगस्त को राजकुमारी पत्नी किशोरी निवासी दुदराक्ष थाना रुधौली, 17 जुलाई को शफीकुर्रहमान निवासी खम्हरिया थाना कलवारी, 27 जून को मुन्नू लाल निवासी मरहा थाना नगर, 16 जून को राम अवध निवासी सीतारामपुर, 14 जुलाई को सुनीता मेहरोत्रा निवासी सिविल लाइंस फैजाबाद, दो जुलाई को राजेश निवासी सेमरी थाना खेसरहा जनपद सिद्धार्थनगर की जान गई। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।

फोटो सहित
होनहार बेटे की मौत पर मचा कोहराम
आगरा से ग्रुप डी की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे अनिल
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। क्षेत्र के सोनाड़ी गांव निवासी युवक की बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत होने की सूचना शुक्रवार की सुबह मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत की खबर सुन बदहवास मां-बाप घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। इधर, घर पर मौजूद मृतक की दादी का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुघरा उर्फ खैरा गांव निवासी निशानाथ त्रिपाठी हैंसर कस्बे के सोनाड़ी में मकान बनवाकर रहते हैं। उनके परिवार के लोग दुघरा उर्फ खैरा गांव में भी निवास करते हैं। निशानाथ त्रिपाठी के छोटे पुत्र अनिल त्रिपाठी (24) धनघटा में एक प्राइवेट विद्यालय में शिक्षक का कार्य करते थे। परिजनों ने बताया कि अनिल आगरा से रेलवे के ग्रुप डी की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। बस्ती के फैजाबाद में बस न मिलने के कारण वह डीसीएम पर सवार होकर आ रहे थे। डीसीएम और ट्रक के बीच हाईवे पर नगर के पास हुए हादसे में अनिल की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता उषा देवी व पिता निशानाथ त्रिपाठी घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। सोनाड़ी गांव के प्रधान शिवप्रसाद मद्धेशिया, बैजनाथ मद्धेशिया, लक्ष्मीनरायन दूबे आदि का कहना है कि हादसे की खबर से पूरा गांव मर्माहत है।


ट्रक की चपेट से वृद्ध की हालत नाजुक
हाईवे पर पॉलिटेक्निक चौराहे के पास दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
वाल्टरगंज। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक चौराहे पर गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आने से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना शुक्रवार की सुबह हुई।

गिट्टी लदा ट्रक पॉलिटेक्निक चौराहे से दाहिनी ओर पेट्रोलपंप की तरफ मुड़ रहा था तभी बनकटा निवसी राम सुमेर (60) ट्रक के अगले पहिये की चपेट में आ गए। राम सुमेर का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। हादसे की जानकारी आसपास के लोगों ने डॉयल 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल राम सुमेर को जिला अस्पताल भेजवाया। इस दौरान ट्रक चालक मौका देखकर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। घटना के संबंध में पुरानी बस्ती थानाध्यक्ष सर्वेश राय ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed