कुदरहा। गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बस्ती की बेटी आकांक्षा मिश्रा को भी गोल्ड मेडल से नवाजा गया है। एमएससी रसायन विज्ञान की छात्रा आकांक्षा को सर्वश्रेष्ठ 2235 यानी 89.4 प्रतिशत अंक मिला है। होनहार बेटी को कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने गोल्ड मेडल पहनाया। आकांक्षा मूलत: बस्ती जनपद के कुदरहा क्षेत्र के परसांव गांव की रहने वाली है। पिता अशोक कुमार मिश्र एलआईसी में अधिकारी है। माता सुधा मिश्रा गृहिणी हैं। उनकी इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय गोरखपुर से पूरी हुई। इसके बाद आकांक्षा गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्रा बनकर बीएससी और एमएससी की पढ़ाई पूरी की। एमएससी में उन्हें विश्वविद्यालय में सर्वश्रेष्ठ अंक मिला तो परिवार में खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। माता, पिता, भाई आयुष मिश्र के अलावा बाबा मत्स्य विभाग से सेवानिवृत्त निरीक्षक ईशदत्त मिश्र आकांक्षा की इस उपलब्धि से गदगद हैं। मेडल लेकर घर लौटने पर मेधावी बेटी को बधाई देने के लिए परिवार और गांव के लोगों का तांता लग गया। आकांक्षा ने कहा कि उनके पढ़ाई में परिवार के लोगों का पूरा योगदान है। पढ़ाई के दौरान सभी ने उत्साहवर्धन किया है। उसी की देन है उन्हें यह सफलता अर्जित हुई है। आकांक्षा अब शोध करने की तैयारी में है। खुशियां जताने वालों में चाचा पुष्पेंद्र मिश्र, ज्ञानचंद्र मिश्र, सुशील मिश्र, राजेश मिश्र, संत कुमार मिश्र, अनिल सिंह, बबलू पाल, रोशन पाल, डबलू पाल, विनय पाल,रामसूरत यादव आदि शामिल रहे।