बस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन समूह की कार्यशाला का समापन सोमवार को हुआ। इसमें एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) एवं एस-डाटा समूह के लोगों को प्रशिक्षित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीडीओ सार्थक अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि एडी बेसिक संजय कुमार शुक्ल रहे। सीडीओ ने विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर विकसित करने पर विशेष जोर दिया। कहा कि रीडिंग कॉर्नर के निर्माण एवं संचालन में बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि वें पुस्तकों के रख-रखाव एवं लेन-देन की जिम्मेदारी समझ सकें। उन्होंने पुस्तकों के प्रदर्शन हेतु खुली अलमारी, जूट या कपड़े के बैग के उपयोग की सलाह दी तथा बच्चों के पठन- पाठन के स्तर और रुचि के अनुरूप पुस्तकों के चयन पर जोर दिया। एडी बेसिक संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि पुस्तकालय को बच्चों के लिए आनंददायक बनाना आवश्यक है। इसके लिए शिक्षकों को ग्रेड-बाय-कलर सिस्टम तथा फाइव फिंगर रूल को अपनाना चाहिए, जिससे बच्चे अपनी क्षमता के अनुसार पुस्तकों का चयन कर सकें। लखनऊ से आईं नेहा ने रूम टू रीड की व्याख्या की। बताया कि संस्था दो प्रमुख सोपानों पुस्तकालय एवं साक्षरता तथा बालिका शिक्षा पर कार्य कर रही है। नगर क्षेत्र के विद्यालयों में पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं। संचालन आशीष कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर मोहम्मद इमरान, अंगद प्रसाद पांडेय, दिव्यांश त्रिपाठी, रवीश मिश्र, अंकित सिंह, शालू सिंह, डॉ रवि शंकर मिश्रा, अभिषेक शुक्ला आदि मौजूद रहे।