मौसम अपडेट: बरेली में तीन दिन में हुई 290.9 मिलीमीटर बारिश, अब राहत के आसार
बरेली जिले में शुक्रवार शाम से रविवार तक 290.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से मौसम साफ रहेगा और धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
विस्तार
बरेली जिले में शुक्रवार शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर रविवार को भी रुक-रुक कर जारी रहा। तीन दिनों में 290.9 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रविवार को अवकाश होने और लगातार बारिश होने के कारण ज्यादातर लोग घरों से नहीं निकले। इससे सड़कें सूनीं रहीं।
सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला दोपहर में तेज होने से सड़कों पर जलभराव हो गया। शाम को बारिश थमी तो लोगों ने राहत की सांस ली। सोमवार को सुबह बादलों का आवाजाही जारी है। हालांकि बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अब सप्ताहभर मौसम साफ रहेगा। धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि बारिश की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ का अत्यधिक सक्रिय होना है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 22.8 और न्यूनतम पारा 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे वातावरण में सिहरन महसूस होने लगी है। लगातार बारिश से शहर के प्रदूषण स्तर में कमी दर्ज की गई है। सिविल लाइंस इलाके में प्रदूषण का स्तर गिरकर मात्र 30 पर पहुंच गया।
सोमवार से साफ रहेगा मौसम
राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। विभाग का अनुमान है कि सोमवार से मौसम साफ होगा और लोगों को बारिश से राहत मिलेगी। सोमवार को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
आज स्कूल-कॉलेज बंद
जिले में सोमवार को सभी प्राथमिक, माध्यमिक और डिग्री कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने लगातार हुई भारी बारिश और जलभराव के मद्देनजर जारी किया। जिलाधिकारी के अनुसार सभी शिक्षण संस्थान सोमवार को बंद रहेंगे। यह अवकाश यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध सभी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।