Bareilly News: तहसील में पानी की टंकी पर चढ़ा ग्रामीण, आत्महत्या की देने लगा धमकी, अफसरों के हाथ-पैर फूले
मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव मनकरी निवासी हिमांशु शंखधार का आरोप है कि उसकी जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा कर रखा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद उसकी जमीन कब्जामुक्त नहीं कराई गई। इससे आहत होकर उसने ऐसा कदम उठाया।
विस्तार
बरेली की मीरगंज तहसील परिसर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गया। वह टंकी के ऊपर जाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। इसकी जानकारी मिलते ही अफसरों के हाथ-पैर फूल गए। अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसे समझाया। डेढ़ घंटे बाद ग्रामीण टंकी से नीचे उतरा, तब जाकर अफसरों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव मनकरी निवासी हिमांशु शंखधार का आरोप है कि उसकी जमीन पर भूमाफिया ने कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद हिमांशु को इंसाफ नहीं मिला। जनता दर्शन में डीएम और एसएसपी से शिकायत करने के बाद भी जमीन कब्जामुक्त नहीं कराई गई। इससे आहत होकर हिमांशु सोमवार सुबह मीरगंज तहसील पहुंचा।
तहसील के अफसर मौके पर पहुंचे
हिमांशु तहसील परिसर में स्थित पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया। यह देखकर परिसर में मौजूद लोगों में खलबली मच गई। जानकारी मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस, नायब तहसीलदार नम्रता मिश्रा एवं तहसीलदार विशाल कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे।
अफसरों ने हिमांशु को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह समस्या का समाधान करने की मांग करने लगा। तहसील के अफसरों ने उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद उसके साथियों की मदद से डेढ़ घंटे बाद उसे नीचे उतारा गया। नीचे आकर हिमांशु ने अफसरों को पूरा मामला बताया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर वह घर चला गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.