Bareilly: इज्जतनगर कारखाने में भी बनेंगे वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच, मोडिफाइड करने का काम पहले ही मिल चुका है
इज्जतनगर रेल कोच कारखाने में भी सामान्य डिब्बों को लग्जरी बनाया जाएगा। दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे में इज्जतनगर, लखनऊ, वाराणसी मंडल आते हैं। रेल कोच कारखाने गोरखपुर और इज्जतनगर में ही हैं।
विस्तार
अंतरिम बजट में सरकार ने 40 हजार सामान्य डिब्बों को वंदे भारत एक्सप्रेस के डिब्बों में परिवर्तित करने की घोषणा की है। इज्जतनगर रेल कोच कारखाने में भी सामान्य डिब्बों को लग्जरी बनाया जाएगा। दरअसल, पूर्वोत्तर रेलवे में इज्जतनगर, लखनऊ, वाराणसी मंडल आते हैं। रेल कोच कारखाने गोरखपुर और इज्जतनगर में ही हैं।
इज्जतनगर कारखाने को पहले भी पुराने रेल कोच को मोडिफाइड करने का काम मिल चुका है। पिछले वर्ष भी यहां 40 पुराने आईसीएफ डिब्बों को एनएमजीएचएस में परिवर्तित किया गया था। 100 नॉन एसी डिब्बों को भी एनएमजीएचएस में परिवर्तित किया जा चुका है। इन डिब्बों की औसत स्पीड को 80 से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा तक किया गया है। यहां तैयार किए गए एनएमजीएचएस डिब्बों का इस्तेमाल अब देशभर में ऑटो मोबाइल कैरियर के रूप में किया जा रहा है।
कारखाने में आधुनिक मशीनों की स्थापना का काम भी पिछले वर्ष पूरा हो चुका है। इस लिहाज से सामान्य डिब्बों को लग्जरी वंदे भारत एक्सप्रेस के डिब्बों में परिवर्तित करने का काम भी इज्जतनगर रेल मंडल को मिलेगा। जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि यह अंतरित बजट है, कई और भी घोषणाएं होनी हैं। अंतरित बजट में इज्जतनगर मंडल को क्या-क्या मिला है, इस बारे में एक दो दिन में स्थिति साफ हो जाएगी।
ट्रेन को लग्जरी बनाने पर जोर
सामान्य रेल डिब्बों को वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे लग्जरी कोच में परिवर्तित करने की घोषणा से सरकार ने रेल सेवाओं में आमूल-चूल परिवर्तन के संकेत दिए हैं। रेल यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। हालांकि, रेल कर्मचारियों को लेकर अंतरिम बजट में कुछ भी खास नहीं है। ऐसे में कर्मचारी नेताओं ने अंतरिम बजट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि, उन्होंने लोकसभा चुनाव के बाद आने वाले आम बजट से उम्मीद जताई है।
कर्मचारियों पर भी ध्यान दे सरकार
कर्मचारी नेता प्रमोद यादव ने बताया कि कर्मचारियों का ख्याल रखे बिना सरकार रेलवे सेवाओं को लग्जरी नहीं बना पाएगी। हालांकि, लोकसभा चुनाव के बाद आने वाले आम बजट से अभी कर्मचारियों को उम्मीदें हैं। सरकार को कर्मचारी हितों को भी देखना चाहिए।
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने कहा कि बजट में रेल कर्मचारियों को नजरअंदाज किया गया है। इसमें रेल कर्मचारियों का जिक्र तक नहीं है। ट्रेनें कर्मचारियों की बदौलत ही चलती हैं, सरकार को यह नहीं भूलना चाहिए।