UPPSC PCS 2025: बरेली में 34 केंद्रों पर होगी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा, जानिए टाइमिंग से लेकर सभी जरूरी नियम
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए बरेली जिले में 34 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां करने का दावा किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को बरेली जिले में बनाए गए 34 केंद्रों पर आयोजित होगी। इसके लिए 15648 अभ्यर्थी जिले में परीक्षा देने दूसरे शहरों से रात को ही आना शुरू हो गए। परीक्षा को शुचितापूर्ण और नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें परीक्षा की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए।
परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। इसमें प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा के कुशल संचालन के लिए 34 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट को केंद्रवार तैनात किया गया है। इसके अलावा, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तीन स्टेटिक और चार सेक्टर मजिस्ट्रेट को रिजर्व दल में भी रखा गया है।
15648 अभ्यर्थियों के लिए 34 केंद्र तैयार
जिले में इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कुल 15648 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए शहर भर में 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर शांति और व्यवस्था बनाए रखने के साथ परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इसमें सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक के बाद ही विद्यार्थियों को केंद्रों पर प्रवेश दिया जाएगा। सीसीटीवी की निगरानी में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
डीएम ने सभी सेक्टर तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट तत्काल अपने-अपने सेंटरों का दौरा कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं स्वयं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। केंद्र पर शत प्रतिशत सीसीटीवी कैमरा लगे होने चाहिए और उनकी ऑडियो तथा वीडियो रिकॉर्डिंग को परीक्षा समाप्ति के बाद भी सुरक्षित रखा जाएगा। समस्त परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक से शत प्रतिशत उपस्थिति लगवाना अनिवार्य है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी रोक लगाई जा सके।
डीएम ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वह आयोग की ओर से जारी किए गए समस्त नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। सुरक्षा कारणों और नकल की संभावना को समाप्त करने के लिए यह निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों के आस-पास के निर्धारित क्षेत्र में फोटो स्टेट की दुकानें पूरी तरह से बंद रखी जाएंगी।
- आयोग ने परीक्षा के दौरान ड्रेस कोड और दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
- अभ्यर्थियों को हल्के और सादा कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। जेबदार या धातु से बने कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा।
- परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, घड़ी, पर्स, कैलकुलेटर या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह मना है।
- उम्मीदवार केवल एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र लेकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।
केंद्र पर रिपोर्टिंग का समय
उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 60 से 90 मिनट पहले यानि पहली पाली के लिए सुबह 8:30 तक और दूसरी के लिए 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।