सिपाही भर्ती परीक्षा: इंजीनियरों को भी लुभा रही पुलिस की वर्दी, बीएड-एमएससी पास अभ्यर्थी भी कतार में
बरेली जिले के 29 केंद्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस का सिपाही बनने के लिए बीटेक, बीएड और बीएससी पास अभ्यर्थियों ने भी परीक्षा दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता भले ही इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है, लेकिन वर्दी के आकर्षण में बीटेक, एमए, बीएससी, एमएससी व बीएड उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी परीक्षा केंद्रों की लाइन में लगे नजर आ रहे हैं।
बरेली में शुक्रवार और शनिवार को उच्च शिक्षित कई युवा परीक्षा केंद्र के बाहर प्रवेश के लिए कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। बरेली कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पिता के साथ शाहजहांपुर से परीक्षा देने आईं शिवानी ने बताया कि बीएड में प्रवेश लिया है। बदायूं के शिवम बीटेक उत्तीर्ण हैं और दो वर्षों से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
मुरादाबाद के कमलदीप चौहान बीए दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। रायबरेली के विनय ने एमबीए में प्रवेश लिया है। इसी तरह विशाल ने भी एमएससी में दाखिला लिया है। कई और भी ऐसे अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंचे जिन्होंने स्नातक, परास्नातक व व्यावसायिक शिक्षा हासिल की है।
पुलिस की वर्दी करती है आकर्षित
मुरादाबाद के आशाराम ने एमए व आईटीआई किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की वर्दी आकर्षित करती है, इसलिए परीक्षा दी है। आईटीआई करने वाले कई सहपाठी भी परीक्षा देने आए हैं।
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर से आए मोहित कुमार ने बताया कि बीए के बाद पिछले पांच वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा हूं। शुरुआत से ही पुलिस सेवा में जाना चाहता हूं, इसलिए परीक्षा देने आया।
अमरोहा के नरेंद्र सिंह ने कहा कि मैंने एमए व बीएड उत्तीर्ण किया है। बच्चों को पढ़ाने के साथ करीब चार वर्षों से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं।
रामपुर के नाजिम ने बीए उत्तीर्ण किया है। बताया कि तीन वर्षों से तैयारी करने के साथ ही अब तक कई प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा लिया है। पुलिस के लिए विशेष तैयारी की थी। अच्छे परिणाम की उम्मीद है।
सामान्य प्रश्नपत्र देख खिले अभ्यर्थियों के चेहरे
पुलिस भर्ती परीक्षा में शनिवार को दोनों पालियों में मध्यम स्तर का प्रश्नपत्र देखकर अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। हालांकि, सामान्य अध्ययन और गणित के कुछ सवाल उनके लिए उलझाऊ रहे।
परीक्षा केंद्रों पर केवाईसी व सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को समय पूर्व प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आए प्रवीन, अभिषेक, मोहित, प्रिया, जावेद ने बताया कि 120 मिनट के पेपर में सामान्य अध्ययन और गणित के सवालों को हल करने में अधिक समय लगा। 300 अंकों के प्रश्नपत्र में नॉवेल, पैन की परिभाषा, देशों की राजधानी, दिवस, बैंक, जीएसटी, जी20 आदि से जुड़े सवाल शामिल रहे।
धूप में इंतजार करते रहे परिजन
परीक्षा केंद्रों के अंदर एक ओर अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे। वहीं साथ आए परिजन उनका कड़ी धूप में इंतजार करते नजर आए। ऐसे अभ्यर्थी भी केंद्रों के बाहर खड़े दिखे, जिनका पेपर दूसरी पाली में था। अभ्यर्थी व उनके परिजन धूप से बचने के लिए परीक्षा केंद्र के आसपास धर्मस्थल, दुकानों व पार्क में आराम करते दिखे।