UP Police Constable Bharti: करेंट अफेयर्स... फटाफट, रीजनिंग ने बिगाड़ा समय का गणित; ऐसे आए सवाल
सिपाही भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र से बाहर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र सामान्य था, लेकिन इसे हल करने को दो घंटे का समय मिला था। जोकि अपेक्षाकृत कम था। रीजनिंग के सवालों ने समय का गणित बिगाड़ दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जिले के 47 केंद्रों पर शनिवार को दो पालियों में सिपाही भर्ती परीक्षा कराई गई। इसमें 150 प्रश्नों को हल करने में अभ्यर्थियों को दिया गया समय कम पड़ गया। करेंट अफेयर्स के सवाल तो फटाफट हल हो गए लेकिन रीजनिंग के उलझाऊ सवालों ने समय का गणित बिगाड़ दिया। गणित के सवालों में भी अभ्यर्थी अंत तक उलझे रहे। निगेटिव मार्किंग के डर की वजह से वे सटीक उत्तर देने का प्रयास करते रहे।
परीक्षा समाप्त होने पर केंद्र से बाहर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र सामान्य था, लेकिन इसे हल करने को दो घंटे का समय मिला था। जोकि अपेक्षाकृत कम था। इसलिए उन्होंने पहले हिंदी, सामान्य अध्ययन के सवालों का जवाब दिया। बाद में गणित और रीजनिंग के हिस्सों को हाथ लगाया, जिसमें सबसे अधिक समय लगा। इससे वे आखिरी समय तक पेपर को हल करने में लगे रहे। अभ्यर्थी विवेक, मनीष और रवि ने कहा, करंट अफेयर के सवाल अधिक कठिन नहीं थे। लगातार हाल के घटनाक्रमों पर ध्यान रखा। ऐसे में इन सवालों में अधिक समय नहीं लगा।
बायोमेट्रिक हाजिरी लगाने के लिए हुए परेशान
रिठौरा के दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज में अव्यवस्था के चलते अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां परीक्षा शुरू होने के बाद भी सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी नहीं लग पाई। परीक्षा का समय पूरा होने के बाद भी कई अभ्यर्थियों की हाजिरी नहीं लग सकी। परीक्षा छूटने के बाद कई अभ्यर्थियों को करीब 30 मिनट तक रुकना पड़ा।
1- हाल ही में, उत्तर प्रदेश के किस जिले में प्रथम पूर्ण बालिका सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया गया है।
2- वर्तमान में इलाहबाद उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या कितनी है?
3- हाल ही में विश्व के किस देश में तमिल कवि और दार्शनिक थीरुवल्लुवर की प्रतिमा का अनावरण कियागया है?
4- वस्त्र मंत्रालय ने किसका उत्पादन करने वाले किसानों की सुविधा के लिए पाट मित्रो एप्लीकेशन लान्च की है?
5- हाल ही में, अमित शाह ने किस स्थान पर नेशनल कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन ऑफ इंडिया के मुख्यालय की आधारशिला रखी है?
6- हाल ही में, भारतीय नौसेना का फास्ट अटैक क्राफ्ट आईएनएस काबरा किस स्थान पर पहुंचा है?
7- हाल ही में, किसने कोच्चि-लक्षद्वीप द्वीप समूह सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन का उद्घाटन किया है?
अभ्यर्थियों ने ये कहा
अभ्यर्थी हेमंत यादव ने बताया कि पेपर में निगेटिव मॉर्किंग होने से प्रश्न हल करने में सामान्य से अधिक समय लिया। हिंदी के सवालों पर अधिक ध्यान रहा, जिन्हें समय से हल कर दिया था।
अभ्यर्थी कुलदीप कुमार ने कहा कि पेपर सामान्य आया था। सभी प्रश्नों को तय समय में हल करने का प्रयास किया। हालांकि लंबा होने के कारण समय कम पड़ गया। ज्यादा अवधि होनी चाहिए थी।
दिनेश कुमार ने बताया कि वह झारखंड से परीक्षा देने आए। हिंदी और गणित के सवालों ने उलझाया। सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को हल करने में अधिक समय नहीं लगा। रीजनिंग के सवाल समय से कर दिए थे।
गुड्डू सागर ने कहा कि प्रत्येक दिन अखबार पढ़ता हूं। इसलिए करंट अफेयर के प्रश्नों को हल करने में अधिक कठिनाई नहीं हुई। हालांकि रीजनिंग के सवालों ने अधिक समय लिया। इसलिए आखिरी समय तक प्रश्न हल करता रहा।