ईद मिलादुन्नबी: बरेली में दो दिन लागू रहेगा डायवर्जन, यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी; देखें रूट प्लान
बरेली में ईद मिलादुन्नबी और शराफत मियां उर्स के जुलूसों के कारण डायवर्जन लागू रहेगा। यह व्यवस्था 25 अगस्त शाम छह बजे से 26 अगस्त रात तक लागू रहेगी। भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में ईद मिलादुन्नबी और शराफत मियां उर्स पर 26 अगस्त को शहर में निकलने वाले जलूस को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 25 अगस्त की शाम छह बजे से 26 अगस्त की रात तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए निर्धारित मार्गों पर बदलाव रहेगा। पुलिस ने लोगों से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
इन जगह से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, ईसाइयों की पुलिया, वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा, सैटेलाइट तिराहा से शहर की ओर और रामगंगा तिराहा से चौपला की ओर सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें लखनऊ की ओर जाना है, वे झुमका तिराहा से विलवा, विलयधाम और इन्वर्टिस होकर जा सकेंगे। वापसी में भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
बदायूं जाने के लिए बड़े बाईपास से रास्ता
दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत रोड की ओर से आने वाले भारी वाहन, जिन्हें बदायूं जाना है, वे बड़े बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होकर जा सकेंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें मिनी बाईपास से इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सेटेलाइट बस स्टैंड तक आ-जा सकेंगी। नैनीताल रोड से आने वाली बसें डेलापीर तिराहा, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सेटेलाइट पहुंचेंगी।
पीलीभीत रोड की ओर से आने वाली बसें 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड जाएंगी। बरेली से बदायूं की ओर जाने और आने वाली बसें वियावान कोठी, ऑफिसर्स मैस तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा होकर संचालित होंगी।
भीड़ बढ़ी तो इन मार्गों पर भी रोक
कार्यक्रम और जलूस के दौरान भीड़ बढ़ने की स्थिति में चार पहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन भी कुछ मार्गों पर प्रतिबंधित किया जाएगा। अशोक नगर तिराहा, सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर की ओर, मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर और मठ की चौकी की ओर, श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी की ओर, बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नावल्टी की ओर वाहनों को रोका जा सकता है।
जलूस के दौरान अतिरिक्त सतर्कता
बाराबफात के मौके पर शहर में बड़ी संख्या में आयोजन और जलूस निकलने की संभावना है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और जलूस के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। भीड़ की स्थिति को देखते हुए मौके पर यातायात व्यवस्था में जरूरत के अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।