ट्रैफिक डायवर्जन: बरेली में बकरीद के चलते रात 12 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री; यहां देखें रूट प्लान
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि सामूहिक नमाज के दौरान भीड़ की वजह से यातायात प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रूट डायवर्जन किया गया है। रात 12 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।
विस्तार
बरेली में ईद-उल-अजहा के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रूट डायवर्जन किया गया है। भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। प्रमुख स्थानों पर यातायात निरीक्षक तैनात रहेंगे। ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास जाम की समस्या पैदा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने बताया कि सामूहिक नमाज के दौरान भीड़ की वजह से यातायात प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रूट डायवर्जन किया गया है। रात 12 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।
ये भी पढ़ें- दुल्हन का कत्ल: मेले में युवक के साथ झूले पर झूल रही थी पत्नी, देखकर भड़क गया पति, गला दबाकर मार डाला
इस तरह किया गया रूट डायवर्जन
- बदायूं रोड से आने वाले सभी भारी वाहन रामगंगा तिराहा, बुखारा मोड़ से फरीदपुर होकर जाएंगे। भारी वाहनों के रामगंगा तिराहा से चौपुला की ओर आने पर प्रतिबंध रहेगा।
- लखनऊ से दिल्ली-मेरठ की तरफ जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास होते हुए निकाले जाएंगे।
- दिल्ली और मेरठ से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन परसाखेड़ा, बड़ा बाईपास से फरीदपुर होते हुए निकाले जाएंगे।
- पीलीभीत और नैनीताल से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ा बाईपास, फरीदपुर होते हुए पास किया जाएगा।
- पीलीभीत-बीसलपुर की ओर से आने और बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों को विलयधाम से नवदिया झादा, फरीदपुर, बुखारा मोड़, रामगंगा होते हुए गुजारा जाएगा। बदायूं रोड से पीलीभीत, बीसलपुर की ओर जाने वाले वाहनों को भी इसी रूट से पास किया जाएगा।
- पीलीभीत और नैनीताल से दिल्ली जाने वाले वाहनों को बड़ा बाईपास होते हुए, बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहनों को सेटेलाइट, जीरो प्वाइंट इन्वर्टिस तिराहा, फरदीपुर, बुखारा मोड़ से रामगंगा होते हुए गुजारा जाएगा।
- दिल्ली की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें परसाखेड़ा तिराहा से बड़ा बाईपास, विलयधाम से बैरियर-टू चौकी, सेटेलाइट तिराहा से चौकी चौराहा होते हुए पुराना बस अड्डा जाएंगी। इसी रूट से बरेली से दिल्ली जाने वाले वाहनों को पास किया जाएगा।