Bareilly Accident: हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित; कार में जिंदा जल गए थे आठ लोग
डीएम रविंद्र कुमार ने नैनीताल हाईवे पर हुए सड़क हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। जांच कमेटी को घटना की जांच कर सप्ताहभर में रिपोर्ट देनी होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा इलाके में शनिवार देर रात नैनीताल हाईवे पर डंपर से टकराने के बाद कार में आग लगने से आठ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। प्रकरण का संज्ञान लेकर डीएम रविंद्र कुमार ने हादसे की वजह तलाशने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। मृतकों को मुआवजा भी मिलेगा।
डीएम के मुताबिक पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग से एक-एक अधिकारी नामित किए गए हैं। पुलिस विभाग से एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने यातायात निरीक्षक मनीष शर्मा को नामित किया है।
जिंदा जले 8 बराती: डंपर से टकराने के बाद फंसा सेंट्रल लॉक, आग बुझी तो राख हो गए थे शरीर; टुकड़ों में निकाले शव
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड ने सहायक अभियंता द्वितीय सीताराम को और परिवहन विभाग के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने संभागीय निरीक्षक प्राविधिक मानवेंद्र प्रताप सिंह को जांच सौंपी है। सप्ताह भर में घटना की वजह और संभावित कारणों की जांच कर रिपोर्ट सौंपेंगे।
मुआवजा के लिए पात्रता की होगी जांच
डीएम ने मृतक युवकों को शासन के निर्देश के तहत मुआवजा दिलाने की भी बात कही है। किसान दुर्घटना बीमा योजना/राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत पात्रता की जांच एसडीएम बहेड़ी को सौंपी है। संबंधित रिपोर्ट के अनुसार पात्र मिलने पर योजना के तहत मुआवजा दिया जाएगा।
भोजीपुरा क्षेत्र में हुआ था हादसा
बरेली-नैनीताल हाईवे पर भीषण हादसे में कार सवार आठ लोगों की जलकर मौत हो गई। ये लोग बरेली में शादी समारोह में शामिल होने के बाद बहेड़ी के गांव जाम शुमाली जा रहे थे।
भोजीपुरा क्षेत्र में टायर फटने से कार डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी लेन में पहुंच गई, उसी वक्त बहेड़ी की तरफ से आ रहे डंपर से कार टकरा गई। टक्कर होते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। कार में सवार सभी आठ लोग जिंदा जल गए थे।