Bareilly: आईपीसी का खेल खत्म, पर पुलिस के टोटके बरकरार, साल के पहले दिन बरेली में सिर्फ गुडवर्क, अपराध शून्य
बरेली जिले में नए साल के पहले दिन पुलिस के रोजनामचे (जीडी) में अपराध का आंकड़ा शून्य रहा। अलग-अलग थानों में जो 18 मामले दर्ज हुए, ये सब पुलिस के गुडवर्क के रहे।
विस्तार
आईपीसी का खेल भले ही खत्म हो गया, पर पुलिस के टोटके अब भी बरकरार हैं। बरेली में साल के पहले दिन पुलिस के रोजनामचे (जीडी) में रामराज्य जैसा माहौल रहा। ब्रितानिया हुकूमत की परंपरा का निर्वहन करते हुए पुलिस ने बुधवार को शाम तक सिर्फ गुडवर्क के 18 मुकदमे दर्ज किए।
बरेली जिले में बुधवार को अपराध का आंकड़ा शून्य रहा। अलग-अलग थानों में जो 18 मामले दर्ज हुए, उनमें पुलिस ने आबकारी अधिनियम, सार्वजनिक जुआ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सबसे अधिक देवरनियां थाने में शस्त्र अधिनियम के तीन मुकदमे दर्ज किए गए। खास बात यह भी है कि गुडवर्क की फेहरिस्त बढ़ाने के चक्कर में देवरनियां पुलिस ने एक ही जैसे आरोप में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तारी की।
Bareilly News: बरेली में 15 फीसदी घटे हत्या के मामले, एसएसपी ने जारी किया बीते साल का लेखा-जोखा
थाना वार कार्रवाई का हाल
कोतवाली पुलिस ने मोहम्मद सयराब उर्फ आसिफ के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, आजमनगर के सोहित सिंह पर आबकारी अधिनियम की रिपोर्ट लिखी। सीबीगंज पुलिस ने सरनियां के राशिद को सट्टे की खाईबाड़ी में पकड़ा और रिपोर्ट दर्ज की। बिथरी चैनपुर में संजीव और मोमेंद्र के खिलाफ आबकारी अधिनियम की अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज की गईं। बारादरी पुलिस ने गंगापुर निवासी आनंद के खिलाफ आबकारी अधिनियम व जोगी नवादा के आमिर पर शस्त्र अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की।
किला थाने के सीबीगंज महेशपुरा के नन्हे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की गई। भमोरा में मकरंदपुर निवासी अजय के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, फरीदपुर में आनंद बिहार कॉलोनी बीसलपुर रोड निवासी आकेश के खिलाफ आबकारी अधिनियम, बहेड़ी में आसिफ उर्फ लंगड़ा के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, जय सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की रिपोर्ट लिखी गई।
देवरनियां पुलिस ने मुन्नालाल, महेश और राशिद के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की अलग-अलग तीन रिपोर्ट दर्ज कीं। शीशगढ़ में अकील के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, शेरगढ़ में उमाशंकर के खिलाफ आबकारी अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की गई।
सिरौली, अलीगंज व बिशारतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं
सिरौली, अलीगंज व बिशारतगंज थाने में नए साल पर एक भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मंगलवार रात हाफिजगंज थाना क्षेत्र में राजू कुरैशी नाम के पशु तस्कर के पैर में मुठभेड़ के दौरान गोली लगी थी। राजू के खिलाफ एक जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। गुडवर्क के कुल 18 मामले दर्ज किए गए।