फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   The children of the count arrived in schools .. The rest said - still good at home

स्कूलों में पहुंचे गिनती के बच्चे.. बाकी बोले- अभी घर पर ही अच्छे

Tue, 20 Oct 2020 02:40 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली Published by: बरेली ब्यूरो Updated Tue, 20 Oct 2020 02:40 AM IST
सार

कोरोना का खौफः 7 महीने बाद खुले स्कूल फिर भी सन्नाटा
 

विज्ञापन
The children of the count arrived in schools .. The rest said - still good at home
जीआईसी पहुंचे छात्र। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

विस्तार

माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में दो-चार से लेकर आठ-दस तक ही रही तादाद, कॉन्वेंट स्कूलों में भी नहीं छू पाए 50 का आंकड़ा

विज्ञापन
बरेली। कोरोना का खौफ अभी कम नहीं हुआ है, यह सोमवार को पूरे सात महीने बाद खुले स्कूलों को सन्नाटे में डूबा देखकर साफ हो गया। सुरक्षा और सहूलियत के तमाम दावों के बावजूद ज्यादातर स्कूलों में बच्चों की तादाद दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाई। कुछ कॉन्वेंट स्कूलों में जरूर बमुश्किल 50 तक की तादाद में बच्चे पहुंचे। बच्चों और अभिभावकों की बेरुखी से मायूस स्कूलों के प्रबंधन ने कहा है कि एक हफ्ते में साफ हो जाएगा कि बच्चे किस तरह पढ़ना चाहते हैं, उसके बाद आगे के लिए उसी के अनुरूप फैसला लिया जाएगा।
मार्च में लॉकडाउन से पहले ही सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए थे। कोरोना के खौफ के साये में सात महीने गुजरने के बाद सोमवार को स्कूल दोबारा खुले हैं। इससे पहले विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से लंबी गाइड लाइन भी जारी की गई है जिसके मुताबिक स्कूलों में उन्हीं बच्चों को प्रवेश मिलेगा जिनके अभिभावक इसके लिए लिखित सहमति देंगे। ज्यादातर अभिभावकों को गाइड लाइन में शामिल यही शर्त सबसे ज्यादा नागवार गुजरी है। अभिभावकों का कहना है कि सरकार स्कूल तो खोलना चाहती है लेकिन सारा जोखिम उन्हीं के सिर मढ़ने की कोशिश कर रही है। सोमवार को स्कूलों में बच्चों की उंगलियों पर गिनने लायक तादाद ने भी साबित कर दिया कि सरकार और स्कूलों के दावों के बावजूद अभिभावक अपने बच्चों को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते।
विज्ञापन

इस्लामिया गर्ल्स कॉलेजः फूलों से सजावट करके की स्वागत की तैयारी फिर भी पहुंचीं सिर्फ छह छात्राएं

इस्लामिया गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं के स्वागत के लिए प्रबंधन की ओर से कॉलेज के ग्राउंड में मंच को फूलों से सजाया गया था लेकिन फिर भी पहली पाली में सिर्फ छह छात्राएं ही पहुंची। कॉलेज गेट पर ही उनके हाथों को सैनेटाइज कराने के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। कॉलेज के अंदर पहुंचने के बाद प्रधानाचार्य चमन जहां ने भी उन्हें फूल देकर उनका स्वागत किया और कॉलेज में पढ़ाई करने के लिए कोविड गाइड लाइन की भी जानकारी दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन

एफआर इस्लामिया कॉलेजः नौ बजे तक रहा सन्नाटा, लंबे इंतजार के बाद एक-एक कर पहुंचे सिर्फ आठ छात्र

एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में भी सन्नाटा छाया रहा। बेसब्री से इंतजार किए जाने के बावजूद सुबह नौ बजे तक इस कॉलेज में एक भी छात्र नहीं पहुंचा। नौ बजे के बाद एक-एक कर छात्रों का पहुंचना शुरू हुआ लेकिन आठ छात्रों के पहुंचने के बाद यह तादाद जहां के तहां ठहर गई। सभी छात्रों के हाथों को गेट पर ही सैनिटाइज कराया गया। गेट पर ही उनका तापमान लेकर रजिस्टर में उनके नाम के साथ दर्ज किया गया।

राजकीय इंटर कॉलेजः सबसे ज्यादा छात्र संख्या फिर भी तीन ही छात्रों पर विराम, दो पर सहमति भी नहीं

राजकीय इंटर कॉलेज सरकारी और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सबसे ज्यादा छात्र संख्या वाला कॉलेज है लेकिन फिर भी यहां सुबह नौ बजे तक सिर्फ तीन छात्र ही पहुंचे। इनमें भी दो छात्रों के पास उनके अभिभावकों की ओर से दिया गया सहमति पत्र नहीं था लिहाजा उन्हें वापस कर दिया गया। प्रधानाचार्य ने साफ किया कि अभिभावक की लिखित अनुमति के बगैर छात्रों को किसी भी दशा में प्रवेश नहीं मिलेगा।

बरेली इंटर कॉलेजः दो छात्रों के अलावा एक अभिभावक भी.. बोले- माहौल देखने आया हूं

बरेली इंटर कॉलेज में सुबह 9:30 मिनट तक सिर्फ दो छात्र ही पहुंचे थे। इसके अलावा अपने बच्चे के साथ एक अभिभावक भी कॉलेज पहुंचे। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह सिर्फ स्कूल का माहौल देखने आए हैं। फिलहाल वह ऑनलाइन क्लास से संतुष्ट हैं क्योंकि अभी भी कोरोना का ग्राफ घट नहीं रहा है। वह बच्चे को स्कूल भेजना नहीं चाहते हैं।

बिशप इंटर कॉलेजः दस बजे तक इंतजार के बाद पहुंचे दस बच्चे, कई के चेहरों पर नहीं था मास्क

बिशप इंटर कॉलेज भी सुबह तय समय पर खुला लेकिन दस बजे तक इंतजार करना पड़ा तब कहीं कॉलेज में आए छात्रों की संख्या ने दहाई का आंकड़ा छुआ। इनमें कई छात्र चेहरों पर बगैर मास्क लगाए ही पहुंच गए थे। प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह ने सभी छात्रों के हाथ सैनिटाइज कराने के साथ जो छात्र बिना मास्क पहुंचे थे, उन्हें सख्त हिदायत देते हुए मास्क उपलब्ध कराया। एक कक्षा में पांच-पांच बच्चों को बैठाकर पढ़ाई कराई गई।

सोबती पब्लिक स्कूलः 25 छात्र-छात्राएं पहुंचे, प्रधानाध्यापक ने कहा- ऑनलाइन क्लास भी रखेंगे जारी

सोबती पब्लिक स्कूल में बच्चों की संख्या 25 रही। प्रबंधन ने एक बेंच एक छात्र के नियम के आधार पर बच्चों को बैठाकर पढ़ाई शुरू कराई। इस दौरान स्कूल न आने वाले बच्चों के लिए ऑनलाइन क्लास भी जारी रखी गईं। प्रधानाचार्य गुंजन साहनी ने बताया कि शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए बच्चों की पढ़ाई कराई जाएगी।

स्कूल आए विद्यार्थी बोले.. क्लास में सावधानी बरतेंगे

अभिभावकों की अनुमति ले ली है। उन्हें भरोसा दिलाया है कि स्कूल में भी पूरी सावधानी बरतूंगी और कोविड नियमों का पालन करूंगी। इसके बाद उन्होंने स्कूल आने दिया है। इतने दिनों बाद स्कूल आना अलग अनुभव है। -सिमरा, इस्लामिया गर्ल्स कॉलेज

अनुमति पत्र लेकर स्कूल आया हूं। बैग में मास्क और सैनिटाइजर भी साथ लाया हूं। ऑनलाइन क्लास सही चलती है लेकिन कई बातें नहीं पूछ पाता हूं। क्लास में आसानी रहती है, इसलिए भी चला आया। -फैजान खान, एफआर इस्लामिया कॉलेज

अनुमति पत्र पर पिताजी ने हस्ताक्षर कर दिए थे लेकिन आते वक्त अनुमति पत्र घर भूल आया हूं। अब पिता जी को फोन कर बुलाया है। कॉलेज गेट पर खड़ा उन्हीं का इंतजार कर रहा हूं। -आकाश पाल, राजकीय इंटर कॉलेज

बेटे उवैश की मां उसे कॉलेज नहीं भेजना चाहती है। कहती है- मोबाइल पर जैसे पढ़ रहा है इस साल उसी तरह पढ़ने दो। बेटे का मन था इसलिए उसके साथ देखने आया हूं कि कॉलेज में कैसा माहौल है। सब ठीक रहा तभी स्कूल भेजूंगा। -हसीन (बरेली इंटर कॉलेज में बेटे उवैश के साथ)

हाथ सैनिटाइज कराए.. थर्मल स्क्रीनिंग के बाद दिया प्रवेश

गिनती के जो बच्चे स्कूल पहुंचे, उन्हें थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। हाथों को भी सैनिटाइज कराया गया। किसी क्लास में पांच-छह से ज्यादा बच्चे नहीं बैठाए गए। यूपी बोर्ड के स्कूलों में भी बच्चों की संख्या काफी कम दिखी। संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रदीप कुमार ने बताया कि स्कूलों का निरीक्षण किया जा चुका है। सभी स्कूलों को गाइड लाइन का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी है। किसी बच्चे पर स्कूल आने का दबाव नहीं बनाया जाएगा।

हफ्ते भर हालात देखने के बाद निजी स्कूल लेंगे नया फैसला

निजी स्कूलों के प्रबंधकों का कहना है कि पहला दिन होने की वजह से बच्चों की संख्या कम रही है। अभी एक सप्ताह देखेेंगे कि स्कूल में बच्चों की उपस्थिति कैसी रहती है या फिर वे ऑनलाइन क्लास के जरिये ही पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। इसके बाद ही आगे तय किया जाएगा कि क्या किया जाए। फिलहाल किसी बच्चे पर कोई दबाव नहीं है। जो स्कूल आएंगे उन्हें यहां पढ़ाया जाएगा और जो नहीं आएगा उन्हें ऑनलाइन पढ़ाया ही जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed