Bareilly News: पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों का प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अटेवा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को बरेली में शिक्षकों व कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई गई।
विस्तार
बरेली में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को अटेवा (ऑल टीचर्स एंड एम्पलाइज वैलफेयर एशोसिएशन) के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें नई पेंशन योजना और यूनिफाइड पेंशन योजना का पुरजोर विरोध करते हुए पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग की गई है।
अटेवा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए। अटेवा के जिला संयोजक डॉ. मुनीष कुमार गंगवार ने कहा कि एनपीएस और यूपीएस कर्मचारियों के हित में नहीं हैं और संगठन इनका तब तक विरोध करेगा, जब तक सरकार ओपीएस बहाल नहीं कर देती।
'ओपीएस संवैधानिक हक'
इस दौरान मंडल अध्यक्ष जगदीश गंगवार ने संगठन की ताकत पर जोर देते हुए कहा कि एकजुटता से बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं। जिला महिला उपाध्यक्ष पुष्पा गंगवार ने ओपीएस को कर्मचारियों का संवैधानिक हक बताया और कहा कि संयुक्त संघर्ष से सरकार को पुरानी पेंशन देने के लिए मजबूर किया जा सकता है।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. पंकज यादव ने ओपीएस को बुढ़ापे का सम्मान बताया। अनिल गंगवार ने अटेवा के आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। इस प्रदर्शन में एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस, उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ, राजकीय नर्सेज संघ समेत कई प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने भी भाग लिया।