{"_id":"5a9800104f1c1bc65c8b51c7","slug":"student-asking-for-admit-card-without-filling-examination-form","type":"story","status":"publish","title_hn":"भरा नहीं परीक्षा फार्म, मांग रहे एडमिट कार्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भरा नहीं परीक्षा फार्म, मांग रहे एडमिट कार्ड
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बरेली
Updated Thu, 01 Mar 2018 06:58 PM IST
विज्ञापन
MJP Rohilkhand university
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने पांच मार्च से होने वाली मुख्य परीक्षाओं के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। मेल-फिमेल भरने में तमाम गड़बड़ियां सामने का चुकी हैं। अब बड़ी दिलचस्प बात सामने आ रही है। कई ऐसे छात्र हैं जिन्होंने परीक्षा फार्म ही नहीं भरा और वह विश्वविद्यालय से प्रवेश पत्र मांग रहे हैं। उनकी शिकायतें दर्ज करके जब उनका डाटा चेक किया गया तो पता चला कि उनका परीक्षा फार्म ही नहीं भरा गया। जब इस बाबत छात्रों से पूछा गया तो उनका कहना था कि ऑनलाइन एडमिशन फार्म भरा था। उसके बाद कोई फार्म ही नहीं भरा। कुछ कॉलेजों की लापरवाही रही तो कुछ छात्रों की। बहरहाल परीक्षा फार्म न भर पाने से सैकड़ों छात्रों का साल बर्बाद हो जाएगा।
विज्ञापन
इस बार विश्वविद्यालय ने एडमिशन प्रक्रिया ऑनलाइन की थी। छात्र इसी भ्रम में रहे कि उनको अब फार्म नहीं भरना होगा। कई छात्र एडमिशन लेकर कॉलेज भी नहीं गए। सैकड़ों छात्रों को परीक्षा फार्म भरने की जानकारी ही नहीं हो सकी। अब विश्वविद्यालय ने मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी किए हैं। छात्रों ने पंजीकरण नंबर डालकर प्रवेश पत्र निकालना चाहा तो प्रवेश पत्र नहीं निकले। छात्रों ने विश्वविद्यालय में फोन करके शिकायत दर्ज कराई। पंजीकरण नंबर से जब उनकी डिटेल चेक कराई गई तो पता चला कि उन्होंने परीक्षा फार्म ही नहीं भरे हैं। जब दोबारा छात्रों से पूछा गया तो उनका जवाब हैरान करने वाला था। छात्र एडमिशन फार्म को ही सबकुछ मान बैठे। कॉलेजों में जाकर पूछा ही नहीं कि उनको परीक्षा फार्म भी भरना है। ऐसे छात्रों की संख्या भी सैकड़ों में है। परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि जिन छात्रों ने परीक्षा फार्म ही नहीं भरे हैं तो उनके प्रवेश कैसे जारी हो सकते हैं। कॉलेजों को तो कम से कम छात्रों को परीक्षा फार्म की जानकारी देनी चाहिए थी।
विज्ञापन